कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण रही राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा: 1238 में से पहली पाली में 990, दूसरी में 981 अभ्यर्थी शामिल; 4 केंद्रों पर पारदर्शी व्यवस्था

कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण रही राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा: 1238 में से पहली पाली में 990, दूसरी में 981 अभ्यर्थी शामिल; 4 केंद्रों पर पारदर्शी व्यवस्था

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 रविवार को जिला मुख्यालय सूरजपुर में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिले में कुल 04 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां प्रशासन ने सुरक्षा और पारदर्शिता के पुख्ता इंतजाम किए थे।प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, प्रथम पाली में पंजीकृत 1238 अभ्यर्थियों में से 990 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 248 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 1238 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 981 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 257 अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।जिला प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, उड़नदस्ता दल की सक्रियता एवं केंद्रों में प्रवेश से पूर्व सघन जांच की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती गई।परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों ने भी अनुशासन का परिचय दिया, जिससे संपूर्ण आयोजन व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सका। प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।राज्य सेवा परीक्षा को लेकर जिले में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा और परीक्षा समाप्ति के बाद अभ्यर्थियों के चेहरे पर संतोष झलकता नजर आया।