चांदनी तरंग में झलकी प्रतिभा की चमक:शासकीय नवीन महाविद्यालय चांदनी बिहारपुर का वार्षिक उत्सव व पुरस्कार वितरण समारोह रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न

चांदनी तरंग में झलकी प्रतिभा की चमक:शासकीय नवीन महाविद्यालय चांदनी बिहारपुर का वार्षिक उत्सव व पुरस्कार वितरण समारोह रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न
चांदनी तरंग में झलकी प्रतिभा की चमक:शासकीय नवीन महाविद्यालय चांदनी बिहारपुर का वार्षिक उत्सव व पुरस्कार वितरण समारोह रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न

ओड़गी। शासकीय नवीन महाविद्यालय चांदनी बिहारपुर का वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह ‘चांदनी तरंग’ हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुमन सिंह, विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष शिव प्रसाद सिंह, महाविद्यालय भागीदारी समिति अध्यक्ष कालीचरण काशी, भाजपा जिला महामंत्री रामनारायण यादव एवं मंदेश गुर्जर द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

राज्य गीत के उपरांत अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंटकर किया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य रंजीत कुमार सातपुते ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए अध्ययन-अध्यापन, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में संस्थान की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने महाविद्यालय की अधोसंरचना संबंधी आवश्यकताओं और भविष्य की योजनाओं से भी अतिथियों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय अभी अपने प्रारंभिक चरण में है, ऐसे में सभी के सहयोग और विशेष ध्यान की आवश्यकता है, ताकि यह संस्थान निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर हो सके।भाजपा जिला उपाध्यक्ष शिव प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में युवाओं को शिक्षा, संस्कार और अनुशासन को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और चांदनी क्षेत्र की प्रतिभाएं राज्य स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करें, यही अपेक्षा है।मुख्य अतिथि श्रीमती सुमन सिंह ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि छात्राओं की बढ़ती सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि बेटियां आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा, “जिस क्षेत्र को कभी ‘कालापानी’ के नाम से जाना जाता था, आज उसी धरती पर ‘चांदनी तरंग’ के रूप में प्रतिभा की उजली रोशनी बिखर रही है।”

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, मेहंदी, केश-सज्जा, प्रश्नोत्तरी, भाषण, वाद-विवाद और अन्य प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह के सफल आयोजन में सहायक प्राध्यापक धीरेन्द्र कुमार जायसवाल, आभा रंजना कुजूर, अतिथि व्याख्याता सचिन मिंज, अखिलेश रवि, शिखा पाठक, पिंटू कुमार, रामनिवास पटेल, डॉ. रीना, अर्जुन प्रधान, अमन सिंह, प्रयोगशाला तकनीशियन अनदीप मिंज, लक्ष्मी साहू सहित कार्यालय स्टॉफ हरिशंकर, श्रीमती भोला एवं अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम में मीडिया प्रतिनिधि नृपेंद्र गुप्ता, पप्पू जायसवाल, अशोक जायसवाल, रमेश गुप्ता, लालबहादुर सहित पुलिस प्रशासन की भी उपस्थिति रही। कुलमिलाकर इस आयोजन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं अवसर मिलने पर अपनी चमक से पूरे क्षेत्र को आलोकित कर सकती हैं।