जब ड्यूटी ही परिवार बन गई... पुलिस जवानों की कलाई पर सजा बहनों का प्यार, एकल विद्यालय की बहनों ने बांधी राखी
सूरजपुर। रक्षा बंधन के पावन पर्व पर जयनगर में भावनाओं से भरा एक अनूठा दृश्य देखने को मिला। आमतौर पर त्योहारों पर जहां भाई अपनी बहनों से राखी बंधवाने घर पहुंचते हैं, वहीं समाज और राष्ट्र की सुरक्षा में दिन-रात ड्यूटी निभा रहे पुलिस जवानों की कलाई इस बार एकल विद्यालय की बहनों के स्नेह से सजी।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुसांगिक संगठन एकल विद्यालय संच जयनगर से जुड़ी 30 ग्राम पंचायतों में विद्यालयों का संचालन करने वाली बहनें रक्षा बंधन पर जयनगर थाना पहुंचीं। यहां उन्होंने पुलिस कर्मियों के माथे पर तिलक लगाया और कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान, अपनत्व और कृतज्ञता व्यक्त की। बहनों ने पुलिस जवानों के सुख-समृद्धि, स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की।
परिवार से दूर रहकर निभाते हैं सुरक्षा की जिम्मेदारी
बहनों ने कहा कि पुलिस कर्मी कई बार त्योहारों पर भी अपने परिवार के बीच नहीं पहुंच पाते। जब लोग अपने घरों में अपनों के साथ त्योहार मनाते हैं, तब ये जवान समाज की सुरक्षा के लिए अपनी ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। ऐसे में रक्षा बंधन के दिन उनकी कलाई पर राखी बांधना केवल एक रस्म नहीं, बल्कि उनके प्रति समाज के भरोसे और सम्मान का प्रतीक है।इस भावुक पल में पुलिस जवानों ने भी बहनों को उनकी सुरक्षा और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। थाना परिसर में कुछ देर के लिए ड्यूटी का माहौल भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते में बदल गया।
आरएसएस के भाइयों की भी कलाई पर बांधी राखी
एकल विद्यालय की बहनों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भाइयों को भी राखी बांधकर भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते को और मजबूत किया। बहनों ने समाज और राष्ट्र की सेवा तथा सुरक्षा के लिए सदैव सहयोग करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर मानकुमारी, तपेश्वरी राजवाड़े, शशिकला प्रजापति, किरण सिंह, वृंदावती, कांति प्रजापति, इंद्रावती सिंह, उर्मिला सिंह, बिंदू सिंह, लक्ष्मी राजवाड़े, चंदा राजवाड़े, ईश्वर यादव, बालेश्वर सिंह, अंचल समिति के श्री रामनारायण प्रजापति, संच पालक प्रदीप झा, संच समिति के देवशरण सिंह सहित 30 ग्राम पंचायतों की बहनें उपस्थित रहीं।