योजनाओं की फाइल नहीं, अंतिम व्यक्ति की जिंदगी में दिखे बदलाव : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
सूरजपुर-भैयाथान में समीक्षा बैठक, अधिकारियों को समयबद्ध लाभ और मैदानी निगरानी के निर्देश
सूरजपुर। शासन की योजनाएं कागजों और फाइलों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका असर गांव की चौपाल से लेकर जरूरतमंद परिवार के जीवन में दिखाई दे, यही सुशासन की असली कसौटी है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने बुधवार को सूरजपुर और भैयाथान में आयोजित विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठकों में अधिकारियों को इसी सोच के साथ काम करने के निर्देश दिए।बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र हितग्राही अपने अधिकार के लाभ के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटे। योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से जरूरतमंदों तक पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।मंत्री ने योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी लेते हुए मैदानी अमले की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी योजना की सफलता केवल उसकी स्वीकृति या कागजी प्रगति से तय नहीं होती, बल्कि तब होती है जब उसका लाभ वास्तव में उस व्यक्ति तक पहुंचे, जिसके लिए योजना बनाई गई है।
लापरवाही पर सख्ती, समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मैदानी कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ ही आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा।उन्होंने कहा कि गांवों में काम करने वाले मैदानी कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। योजनाओं के क्रियान्वयन में यदि कहीं समस्या आ रही है तो उसे टालने के बजाय समय रहते समाधान किया जाए, ताकि उसका खामियाजा आम नागरिकों को न भुगतना पड़े।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सरकार की संवेदनशीलता
मंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल आंकड़े बढ़ाना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बदलाव लाना है। जिस घर में किसी योजना का लाभ पहुंचने से चेहरे पर राहत आती है, जिस परिवार की परेशानी कुछ कम होती है, वहीं शासन की योजना की वास्तविक सार्थकता दिखाई देती है।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन को संवेदनशीलता के साथ देखें और यह सुनिश्चित करें कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की सुविधाएं पहुंचें।सूरजपुर और भैयाथान में हुई समीक्षा बैठकों में संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं सूरजपुर में विधायक श्री भुलन सिंह मरावी भी बैठक में शामिल हुए।