जी राम जी योजना से बदलेगा गांवों का भाग्य: किसान-श्रमिक जनचौपाल में उमड़ा जनसैलाब, कपिल पाण्डेय बोले-अब आत्मनिर्भर बनेगा हर गांव
सूरजपुर।गांव, गरीब और किसान को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जिला सूरजपुर द्वारा विकसित भारत अभियान के अंतर्गत रामानुजनगर मंडल क्षेत्र में जी-राम-जी श्रमिक-कृषक जनचौपाल का आयोजन किया गया। छिन्दिया नर्सरी एवं छिन्दिया जमटीहवा स्टॉपडेम के समीप आयोजित इस चौपाल में बड़ी संख्या में किसान, श्रमिक और ग्रामीणजन शामिल हुए।कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष कपिल पाण्डेय ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला भाजपा मीडिया प्रभारी शशि तिवारी उपस्थित रहे। कुलमिलाकर जनचौपाल से स्पष्ट संदेश मिला कि अब गांव सिर्फ योजनाओं का केंद्र नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव बनने की ओर बढ़ रहे हैं।
सिर्फ मजदूरी नहीं, अब बनेगी स्थायी संपत्ति- जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा कपिल पाण्डेय
अपने उद्बोधन में कपिल पाण्डेय ने कहा कि जी राम जी योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि पहले रोजगार योजनाएं केवल मजदूरी तक सीमित रह जाती थीं, लेकिन अब जल संरक्षण, कृषि विकास और स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण के माध्यम से गांवों को स्थायी आत्मनिर्भरता की ओर ले जाया जा रहा है।उन्होंने भावुक अंदाज में कहा,जब गांव का तालाब भरेगा, खेत में पानी ठहरेगा और युवा को गांव में ही काम मिलेगा-तभी असली विकसित भारत का सपना साकार होगा।इस दरम्यान श्री पाण्डेय ने किसानों से अपील की कि वे गांव के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर आधार मिल सके।
जी राम जी बनेगी विकास का नया मॉडल
पूर्व जिला मीडिया प्रभारी शशि तिवारी ने कहा कि यह योजना केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण संसाधनों को सुदृढ़ कर भविष्य की आर्थिक नींव तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि जी राम जी योजना गांवों में विकास का नया मॉडल बनकर उभर रही है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और युवाओं को पलायन की मजबूरी से मुक्ति मिलेगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री तिवारी ने कहा,जब गांव मजबूत होगा तो शहरों पर बोझ कम होगा। यह योजना आत्मनिर्भर भारत की जमीनी तस्वीर है।
योजनाओं की दी जानकारी, पत्रक वितरित
चौपाल के दौरान किसानों और श्रमिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा योजना संबंधी पत्रकों का वितरण किया गया। ग्रामीणों ने भी अपने सुझाव साझा किए और विकास कार्यों में सहयोग का आश्वासन दिया।कार्यक्रम में किसान मोर्चा जिला कार्यसमिति सदस्य विजय सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता शिवदयाल सिंह, जोधा सिंह, यदुनाथ सिंह, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष नारायण विश्वकर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने सरकार की ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रति विश्वास व्यक्त किया और संकल्प लिया कि गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाई जाएगी।