डीएवी भैयाथान का शानदार प्रदर्शन, सीबीएसई बोर्ड में फिर लहराया परचम
सूरजपुर/भैयाथान। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, भैयाथान ने सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों में एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का मान बढ़ाया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शानदार अंकों के साथ अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, जिससे विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस शानदार प्रदर्शन से विद्यालय परिवार और भैयाथान क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कुलमिलाकर डीएवी भैयाथान की यह उपलब्धि न केवल विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है, बल्कि क्षेत्र के लिए भी गौरव का क्षण है।
कक्षा 12वीं में प्रेरणा ने मारी बाजी
कक्षा 12वीं के विज्ञान संकाय में प्रेरणा गुप्ता ने 87.4% अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। समीक्षा सिंह ने 70.4% अंकों के साथ दूसरा और प्रत्यक्षा लाल ने 69.6% अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कक्षा 10वीं में प्रियांशु अव्वल
कक्षा 10वीं में प्रियांशु गुप्ता ने 91.8% अंकों के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। संध्या देवांगन ने 77% अंकों के साथ दूसरा और स्वाति यादव ने 69.2% अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
सफलता का मंत्र: मेहनत और मार्गदर्शन
छात्र-छात्राओं ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और प्राचार्य ब्रजेन्द्र श्रीवास्तव के कुशल नेतृत्व को दिया। प्राचार्य श्रीवास्तव ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा, "यह परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के अटूट सहयोग का नतीजा है।" उन्होंने विश्वास जताया कि डीएवी भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ हासिल करता रहेगा।