तहसीलदार मनहरण सिंह राठिया सख्त, रामानुजनगर में जनगणना कार्य की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

तहसीलदार मनहरण सिंह राठिया सख्त, रामानुजनगर में जनगणना कार्य की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

हर घर की सही गिनती ही विकास की मजबूत नींव:लंबित कार्यों को जल्द पूर्ण करने प्रगणकों व चार्ज अधिकारियों को दिए निर्देश

रामानुजनगर।तहसील रामानुजनगर में संचालित जनगणना कार्य की अपेक्षाकृत धीमी प्रगति को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह गंभीर हो गया है। चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार मनहरण सिंह राठिया ने समीक्षा बैठक के दौरान सभी प्रगणकों एवं चार्ज अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में कार्य की गति धीमी है, वहां तत्काल तेजी लाई जाए, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर जनगणना कार्य पूर्ण किया जा सके।समीक्षा के दौरान पाया गया कि तहसील क्षेत्र में अभी भी कई स्थानों पर एचएलबी कार्य लंबित है तथा वर्तमान में 61 प्रगणकों का कार्य अधूरा होने के कारण पूरी तहसील की प्रगति प्रभावित हो रही है। इस पर नाराजगी जताते हुए तहसीलदार ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों की विकास योजनाओं की मजबूत नींव है। यदि किसी परिवार या व्यक्ति की जानकारी छूट जाती है, तो विकास की तस्वीर भी अधूरी रह जाती है।उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के प्रगणकों से सतत संपर्क बनाए रखें तथा लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कराएं। साथ ही जिन प्रगणकों का कार्य अभी अधूरा है, उन्हें तत्काल मैदानी स्तर पर सक्रिय होकर सर्वे एवं प्रविष्टि कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

तहसीलदार मनहरण सिंह राठिया ने कहा कि शासन की अनेक योजनाएं, संसाधनों का वितरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की योजना जनगणना के आंकड़ों पर ही आधारित होती है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्व का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें और इस राष्ट्रीय कार्य को प्राथमिकता देते हुए समय पर पूरा करें।उन्होंने सभी प्रगणकों से अपील करते हुए कहा कि आपसी समन्वय, सक्रियता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, ताकि तहसील रामानुजनगर जनगणना कार्य में बेहतर प्रगति दर्ज कर सके और तय लक्ष्य समय-सीमा के भीतर पूरा हो सके।