दिशा समिति बैठक में उठी विकास की ठोस मांग:नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता राजवाड़े ने सौंपा ज्ञापन, नर्सिंग कॉलेज व महिला समृद्धि बाजार की स्थापना की मांग
सूरजपुर । जिला पंचायत सभाकक्ष में गुरुवार को आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा समिति) की बैठक में जिले के विकास से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता चिंतामणि महाराज, सांसद सरगुजा एवं दिशा समिति अध्यक्ष ने की। विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा के साथ विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।बैठक के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता राजवाड़े ने सांसद को ज्ञापन सौंपते हुए जिला मुख्यालय में नर्सिंग कॉलेज एवं महिला समृद्धि बाजार की स्थापना की मांग प्रमुखता से रखी।
13 साल बाद भी अधूरी सुविधाएं
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि सूरजपुर को जिला बने 13 वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन शिक्षा और रोजगार से जुड़ी बुनियादी सुविधाएं अभी भी अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाई हैं। अध्यक्ष ने कहा कि जिले में निजी और शासकीय अस्पतालों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। ऐसे में नर्सिंग शिक्षा की मांग भी तेजी से बढ़ी है। यदि जिला मुख्यालय में नर्सिंग कॉलेज स्थापित किया जाता है, तो स्थानीय युवाओं को बाहर भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें यहीं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
महिला समृद्धि बाजार से मिलेगा स्थायी मंच
उन्होंने स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए महिला समृद्धि बाजार की आवश्यकता पर भी जोर दिया। कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया गया है, लेकिन उनके उत्पादों की बिक्री के लिए समुचित और स्थायी बाजार व्यवस्था नहीं है। महिला समृद्धि बाजार बनने से महिला उद्यमियों को सीधा लाभ मिलेगा, उनकी आय में वृद्धि होगी और आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।
सांसद ने दिया सकारात्मक आश्वासन
ज्ञापन सौंपते हुए जनहित के इन प्रस्तावों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया गया। सांसद चिंतामणि महाराज ने आश्वासन दिया कि जिले के विकास से जुड़े इन मुद्दों को प्राथमिकता के साथ संबंधित मंच पर उठाया जाएगा।बैठक में जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। दिशा समिति की इस बैठक ने एक बार फिर यह संकेत दिया कि अब सूरजपुर में शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को लेकर ठोस पहल की उम्मीद तेज हो गई है।