देर रात थाने पहुंचे एसपी योगेश पटेल, व्यवस्थाओं का लिया जायजा... जवानों की सुनी समस्याएं

देर रात थाने पहुंचे एसपी योगेश पटेल, व्यवस्थाओं का लिया जायजा... जवानों की सुनी समस्याएं

रात्रि गश्त से लेकर थाने के अभिलेखों तक की जांच, बेहतर पुलिसिंग के लिए दिए जरूरी निर्देश

सूरजपुर। रात के सन्नाटे में पुलिस की सक्रियता परखने पुलिस अधीक्षक आईपीएस योगेश कुमार पटेल  21 सितंबर की देर रात अचानक झिलमिली थाने पहुंच गए। बिना पूर्व सूचना हुए इस निरीक्षण में उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, रात्रि गश्त और पुलिस जवानों की जिम्मेदारियों का जायजा लिया। एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण के साथ आम लोगों की सुरक्षा का भरोसा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की व्यवस्थाओं के साथ क्षेत्र में तैनात जवानों से आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने अपराधियों के रिकॉर्ड, घटनाओं के समय और महत्वपूर्ण विवरण दर्ज करने वाली ‘ए’ एवं ‘बी’ नोटबुक का अवलोकन किया। पुलिसकर्मियों से सीधे बातचीत करते हुए उनकी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याएं सुनीं तथा आवश्यक समाधान का भरोसा दिलाया।

रात्रि गश्त में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश

एसपी ने झिलमिली थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त की स्थिति की समीक्षा की। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के भ्रमण, संवेदनशील स्थानों की निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने संबंधी जानकारी ली। उन्होंने थाना प्रभारी को क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए सतर्कता के साथ काम करने को कहा।

अभिलेखों की जांच, बेहतर कार्य करने वालों का उत्साहवर्धन

औचक निरीक्षण के दौरान थाना के विभिन्न पंजियों, रोजनामचा और सीसीटीएनएस में दर्ज प्रविष्टियों की बारीकी से जांच की गई। निगरानीशुदा गुंडा-बदमाशों की चेकिंग, रिकॉर्ड संधारण और पुलिसिंग से जुड़े दस्तावेजों की स्थिति भी देखी गई। एसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, निष्ठा और सजगता के साथ दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता से ही आमजन के मन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत होता है।निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी झिलमिली उप निरीक्षक सरफराज फिरदौसी सहित थाने के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।