12 सितंबर की नेशनल लोक अदालत को लेकर प्रचार अभियान शुरू, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने दिखाई हरी झंडी
सूरजपुर। कई बार किसी विवाद का समाधान पाने में वर्षों गुजर जाते हैं। तारीख पर तारीख के बीच समय, पैसा और मानसिक तनाव भी बढ़ता रहता है। ऐसे में आपसी सहमति से विवादों का सहज और शीघ्र निपटारा कराने वाली नेशनल लोक अदालत लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आती है। इसी उद्देश्य से आगामी 12 सितंबर 2026 को होने वाली वर्ष की तीसरी नेशनल लोक अदालत को लेकर सूरजपुर जिले में जागरूकता अभियान शुरू किया गया है।जिला न्यायालय परिसर से मंगलवार को प्रचार वाहन रवाना किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर श्री थॉमस एक्का ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया।प्रचार वाहन गांवों और कस्बों तक पहुंचकर लोगों को लोक अदालत के माध्यम से विवादों के निपटारे की जानकारी देगा। नागरिकों को बताया जाएगा कि आपसी समझ, सहमति और सुलह के जरिए मामलों का समाधान किस तरह कम समय और कम खर्च में संभव है। अभियान का मकसद उन लोगों तक भी न्याय की यह राह पहुंचाना है, जो लंबी कानूनी प्रक्रिया के कारण अपने मामले को आगे बढ़ाने में हिचकते हैं।
लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित मामलों के साथ प्री-लिटिगेशन प्रकरण भी लिए जाते हैं। पक्षकारों की सहमति से विवाद का समाधान होने पर उन्हें लंबे मुकदमेबाजी के दौर से राहत मिल सकती है। इससे समय और आर्थिक बोझ कम होने के साथ दोनों पक्षों के बीच सहमति की राह भी बनती है।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे 12 सितंबर को आयोजित नेशनल लोक अदालत का लाभ उठाएं। जिनके मामले न्यायालय में लंबित हैं या अभी अदालत तक नहीं पहुंचे हैं, वे समाधान की इस प्रक्रिया में शामिल होकर अपने विवाद को सहमति के आधार पर समाप्त कराने का प्रयास करें।इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक कोर्ट श्री आनंद प्रकाश वारियाल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री पायल टोपनो, पूर्व अधिवक्ता संघ अध्यक्ष श्री जी.एस. मिश्रा समेत अधिवक्तागण और न्यायालयीन कर्मचारी मौजूद रहे। कुलमिलाकर एक छोटी-सी पहल, वर्षों से चल रहे विवाद को विराम दे सकती है। इसी संदेश के साथ प्रचार वाहन जिले के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को नेशनल लोक अदालत की जानकारी देकर न्याय की सरल और सुलभ राह से जोड़ने निकला है।