धूल भरे रास्तों से विकास की डगर तक : मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने परखी सिलफिली-लटोरी सड़क निर्माण की रफ्तार
सूरजपुर।धूल, गड्ढों और वर्षों की परेशानी झेल रहे ग्रामीणों के लिए अब बेहतर सड़क की उम्मीद मजबूत होती दिखाई दे रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सिलफिली-लटोरी मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण कर अधिकारियों को समयसीमा और गुणवत्ता को लेकर सख्त निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सड़क निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सड़क को तय समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों को बेहतर सड़क सुविधाओं से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि ग्रामीणों का सफर आसान हो और विकास की रफ्तार गांव तक पहुंच सके।उन्होंने निर्माण एजेंसी को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा आम लोगों को कम से कम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।ग्रामीणों की नजरें अब इस सड़क पर टिकी हैं, जो सिर्फ रास्ता नहीं बल्कि बच्चों की पढ़ाई, किसानों की मंडी तक पहुंच और मरीजों के समय पर इलाज की उम्मीदों से भी जुड़ी हुई है