नवोदय में चमका ‘भविष्य’: छोटे गांव गोपीपुर से बड़ी उड़ान, मेहनत ने लिखी सफलता की कहानी
रामानुजनगर।कभी-कभी किसी छोटे से गांव की पगडंडी से ऐसी कहानी निकलती है, जो बड़े सपनों को नई दिशा दे जाती है। गोपीपुर के गौटियापारा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के छात्र भविष्य कुमार राजवाड़े ने नवोदय विद्यालय की कठिन प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि लगन और मेहनत के आगे कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।भविष्य की इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय परिवार बल्कि पूरा गोपीपुर गांव गर्व से भर उठा है। गांव की मिट्टी से उठकर नवोदय तक पहुंचने का यह सफर कई बच्चों के लिए प्रेरणा बन गया है।विद्यालय के प्रभारी प्रधान पाठक प्रमोद कुमार साहू ने बताया कि भविष्य शुरू से ही पढ़ाई में तेज और अनुशासित छात्र रहा है। उसकी शत-प्रतिशत उपस्थिति और सीखने की जिज्ञासा उसे बाकी बच्चों से अलग बनाती रही। इस सफलता में उसके परिवार की जागरूकता भी अहम रही है।भविष्य की माता श्रीमती चंद्रमणि राजवाड़े, जो विद्यालय प्रबंधन समिति की उपाध्यक्ष भी हैं, ने हमेशा शिक्षा को प्राथमिकता दी। यही कारण रहा कि घर और स्कूल दोनों का समर्पण मिलकर इस सफलता की नींव बना।परिजनों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए विद्यालय के प्रधान पाठक प्रमोद कुमार साहू और शिक्षक आत्मा प्रसाद साहू के मार्गदर्शन को श्रेय दिया। उनका कहना है कि शिक्षकों के अनुभव और सहयोग ने बच्चे को इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।विद्यालय परिवार ने भविष्य कुमार को बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि वह आगे भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करेगा और अपने गांव व विद्यालय का नाम रोशन करेगा। कुलमिलाकर एक छोटे गांव से निकली यह भविष्य की रोशनी अब कई और सपनों को राह दिखाने लगी है।