पण्डो समाज ने लिया बड़ा फैसला: संगठन को मजबूत करने के लिए नए पदाधिकारियों की नियुक्ति
सूरजपुर, 21 मई 2025। पण्डो समाज कल्याण समिति, छत्तीसगढ़ प्रांत के तत्वावधान में राष्ट्रपति भवन, पण्डोनगर, सूरजपुर में जिला अध्यक्ष काशीराम पण्डो के मार्गदर्शन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में समाज को संगठित और मजबूत करने, सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन से वार्ता और पत्राचार करने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति का निर्णय लिया गया।नव नियुक्त पदाधिकारियों में महाबली पण्डो को ब्लॉक अध्यक्ष, भीमसेन पण्डो को ब्लॉक उपाध्यक्ष, अनार पण्डो को ब्लॉक सचिव, श्रवण कुमार पण्डो को मीडिया प्रभारी, और मुन्ना पण्डो को ब्लॉक कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके अलावा, ब्लॉक संरक्षक के रूप में कवलसाय पण्डो, चरण पण्डो, बरन पण्डो, इतवार साय, पन्नालाल, मुन्नाराम, धनीराम, रामलाल, और जीतराम को जिम्मेदारी सौंपी गई।बैठक में प्रेमनगर ब्लॉक से भारी संख्या में पण्डो समाज के लोग शामिल हुए, जिन्होंने सामाजिक एकता और समस्याओं के समाधान के लिए एकजुटता का संकल्प लिया। टी. सिंह ने बताया कि यह नियुक्तियाँ समाज के उत्थान और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी। बहरहाल पण्डो समाज कल्याण समिति ने इस बैठक के माध्यम से सामाजिक जागरूकता और संगठनात्मक ढांचे को और सशक्त करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।