प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन की तस्करी का आरोपी गिरफ्तार, 35 नग अवैध इंजेक्शन जप्त

अम्बिकापुर 27 अप्रैल 2025।गांधीनगर थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 35 नग प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 35,000 रुपये है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसने में मदद मिलेगी। उक्ताशय पर प्राप्त जानकारी अनुसार आज गांधीनगर थाना की टीम टाउन पेट्रोलिंग पर थी। भगवानपुर से लौटते समय बनारस रोड पर एक युवक पुलिस वाहन को देखकर संदिग्ध रूप से भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम अमित राय उर्फ गोलू उम्र 21 वर्ष, निवासी फुंडुरडिहारी, थाना गांधीनगर बताया।आरोपी के भागने का कारण पूछने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। उसकी गतिविधियों से शक गहराने पर पुलिस ने उसके पास मौजूद झोले की तलाशी ली। तलाशी में 15 नग रेक्सोजेसिक (बुप्रेनोरफिन) और 20 नग एविल (फेनिरामाइन मेलेट) इंजेक्शन बरामद हुए। बरामद इंजेक्शन मे नारकोटिक तत्व होना पाये जाने पर आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाता हैं। सम्पूर्ण कार्यवाही मे थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक गौरव कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक नवल दुबे, सहायक उप निरीक्षक राकेश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक बीरेंद्र कुजूर, आरक्षक दीनदयाल सिंह, जितेंद्र मिश्रा, बृजेश राय, अतुल सिंह, अरविन्द उपाध्याय, ऋषभ सिंह, केवल साहू सक्रिय रहे।