बूथ से भारत तक जीत का मंत्र: ‘पं. दीनदयाल प्रशिक्षण महाभियान–2026’ में गूंजा संगठन सशक्तिकरण का संकल्प

बूथ से भारत तक जीत का मंत्र: ‘पं. दीनदयाल प्रशिक्षण महाभियान–2026’ में गूंजा संगठन सशक्तिकरण का संकल्प

सूरजपुर। भाजपा कार्यालय में आयोजित “पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026” की संभागीय कार्यशाला उत्साह, ऊर्जा और संगठनात्मक संकल्प के साथ संपन्न हुई। सरगुजा संभाग के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की प्रभावी उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक आयाम दिया। पूरे आयोजन में बूथ सशक्तिकरण, वैचारिक स्पष्टता और डिजिटल रणनीति पर विशेष जोर दिखाई दिया।

मजबूत संगठन ही सुशासन की गारंटी

उद्घाटन सत्र में सांसद चिंतामणि महाराज ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि प्रशिक्षण महाभियान संगठन की रीढ़ को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि “मजबूत संगठन ही सुशासन की गारंटी देता है।” कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने, घर-घर संपर्क अभियान को तेज करने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।प्रदेश प्रशिक्षण विभाग के संयोजक डॉ. अवधेश जैन ने प्रशिक्षण की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद को संगठन की मूल प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि विचारधारा, अनुशासन और कार्यपद्धति की एकरूपता ही भाजपा की वास्तविक शक्ति है।

डिजिटल युग में संगठन विस्तार की नई रणनीति

द्वितीय सत्र में वरिष्ठ नेताओं ने संगठन विस्तार और तकनीकी सशक्तिकरण को आगामी अभियानों की आधारशिला बताया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा का सांस्कृतिक राष्ट्रवाद न संकीर्ण है, न विभाजक; यह भारत की आत्मा का उत्सव है, जो हर नागरिक को उसकी साझा विरासत और गौरव से जोड़ता है।डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया सक्रियता और बूथ स्तर पर डेटा प्रबंधन को अभियान का मुख्य आधार बनाने पर सहमति बनी। यह स्पष्ट किया गया कि शासन की उपलब्धियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने के लिए डिजिटल संवाद समय की मांग है।

“बूथ सशक्त तो संगठन सशक्त”

जिज्ञासा समाधान एवं समापन सत्र में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कार्यकर्ताओं के प्रश्नों का समाधान करते हुए कहा कि “बूथ सशक्त होगा तो संगठन स्वतः सशक्त होगा।”

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संचालित उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को साझा किया।

समापन सत्र की अध्यक्षता प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते ने की। इस अवसर पर विधायक भूलन सिंह, श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा, जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी सहित संभाग के सभी भाजपा विधायक, जिलाध्यक्ष, महामंत्री और वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यशाला के मुख्य बिंदु

बूथ स्तर तक संगठन विस्तार और सक्रियता,विचारधारा आधारित सतत प्रशिक्षण,डिजिटल संवाद व सोशल मीडिया सशक्तिकरण,केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का प्रभावी प्रचार,युवा एवं महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी और आगामी चुनावी रणनीति पर प्रारंभिक मंथन हुआ साथ ही कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत, अनुशासित और सक्रिय बनाने का संकल्प लिया। यह संभागीय कार्यशाला केवल प्रशिक्षण का मंच नहीं रही, बल्कि भाजपा के संगठनात्मक विस्तार, वैचारिक दृढ़ता और जनसंपर्क सुदृढ़ीकरण का प्रभावी सूत्र भी सिद्ध हुई। कुलमिलाकर आगामी चुनावी और संगठनात्मक अभियानों के लिए यह महाभियान दिशा-निर्देशक और प्रेरणास्रोत साबित होने की ओर अग्रसर है।