महतारी वंदन योजना: ग्रामीण महिलाओं के लिए आर्थिक संबल, गढ़ रहा बेहतर कल

महतारी वंदन योजना: ग्रामीण महिलाओं के लिए आर्थिक संबल, गढ़ रहा बेहतर कल

रायपुर, 21 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव ला रही है। यह योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि उनके परिवार की जरूरतों को पूरा करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।इसका एक और उदाहरण मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम पंडरीतराई की गृहिणी श्रीमती रबीना पिस्दा इस योजना की लाभार्थी हैं। उन्हें हर माह मिलने वाली 1000 रुपये की सहायता राशि ने उनके जीवन में नई उम्मीद जगाई है। रबीना बताती हैं कि इस राशि से उन्होंने अपने बेटे की पहली कक्षा की पढ़ाई के लिए बस्ता, स्लेट, पेंसिल, जूते और अन्य जरूरी सामान खरीदा। उनके पति खेती-किसानी करते हैं और वह स्वयं भी खेतों में मेहनत करती हैं। पहले बचत करना उनके लिए सपना था, लेकिन अब इस योजना ने उनके बेटे के उज्जवल भविष्य की नींव मजबूत की है।मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार जताते हुए रबीना कहती हैं, “यह योजना लाखों महिलाओं के लिए आर्थिक संबल बनी है। अब हम आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार के लिए और बेहतर योगदान दे पा रहे हैं।” कुलमिलाकर महतारी वंदन योजना नारी सशक्तीकरण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रही है, जो ग्रामीण महिलाओं को आत्मविश्वास और आर्थिक स्वतंत्रता प्रदान कर रही है।