रजत जयंती राज्योत्सव में सरकारी योजनाओं की झलक, विभागीय स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ स्थापना के रजत जयंती अवसर पर कला केंद्र मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव 2025 में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी देने हेतु स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को योजनाओं से जोड़ते हुए जागरूक किया जा रहा है।कार्यक्रम स्थल पर छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड एवं क्रेडा द्वारा ऊर्जा संरक्षण, सोलर पैनल और अक्षय ऊर्जा के उपयोग संबंधी जानकारी दी जा रही है। विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बिकापुर द्वारा नागरिकों को उनके विधिक अधिकार और निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के बारे में बताया जा रहा है।आयुष विभाग के स्टॉल में आयुर्वेद, योग, यूनानी, होम्योपैथी व प्राकृतिक चिकित्सा संबंधी परामर्श उपलब्ध है। ग्रामोद्योग विभाग द्वारा खादी, हस्तनिर्मित वस्त्र, बांस शिल्प सहित स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया गया है। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, छात्रवृत्ति और सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़ी जानकारी दी जा रही है।केंद्रीय जेल अम्बिकापुर के स्टॉल में बंदियों द्वारा निर्मित वस्तुओं का प्रदर्शन कर पुनर्वास और स्वावलंबन का संदेश दिया जा रहा है। पुलिस प्रशासन द्वारा नशामुक्ति अभियान, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा व साइबर अपराध से बचाव संबंधी जानकारी के साथ हथियार स्टॉल भी लगाया गया है।स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और जनसंख्या नियंत्रण संबंधी परामर्श दिया जा रहा है। जिला जल स्वच्छता समिति एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल संरक्षण, स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता मिशन के कार्यों की जानकारी प्रदान की जा रही है।खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा उपभोक्ता अधिकार, खाद्य सुरक्षा अधिनियम और राशन कार्ड संबंधी जानकारी दी जा रही है। बैंक स्टॉल में वित्तीय साक्षरता, जन-धन योजना, मुद्रा लोन, किसान क्रेडिट कार्ड और डिजिटल बैंकिंग संबंधी मार्गदर्शन किया जा रहा है।वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण और वन उत्पादों के उपयोग संबंधी जानकारी दी गई है। आदिवासी विकास विभाग द्वारा जनजातीय समुदायों के लिए संचालित योजनाओं व छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।कौशल विकास प्राधिकरण द्वारा युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार अवसरों के बारे में बताया जा रहा है। शिक्षा विभाग द्वारा नई शिक्षा नीति, बालिका शिक्षा, डिजिटल साक्षरता और समावेशी शिक्षा से जुड़े कार्यों का प्रदर्शन किया गया है।कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा आधुनिक कृषि तकनीक, फसल बीमा, मिट्टी परीक्षण, उन्नत बीज और फल–सब्ज़ी उत्पादन के उन्नत तरीकों का प्रदर्शन है। मत्स्य एवं पशुधन विभाग द्वारा मछली पालन, पशुपालन और डेयरी विकास योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा बिहान मिशन द्वारा महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पाद और ग्रामीण आजीविका मॉडल प्रस्तुत किए गए हैं। गृह निर्माण मंडल द्वारा आवास योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, जबकि नगर निगम अम्बिकापुर द्वारा स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और हरित शहर निर्माण संबंधी कार्यों की जानकारी प्रदर्शित की गई है।छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के स्टॉल में प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों का प्रदर्शन किया गया है, वहीं जनसंपर्क विभाग द्वारा शासन की योजनाओं और उपलब्धियों संबंधित पुस्तकों का निःशुल्क वितरण किया जा रहा है।राज्योत्सव में लगाए गए ये विभागीय स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं और बड़ी संख्या में नागरिक यहां पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।