राजीव गांधी की 81वीं जयंती पर कांग्रेस ने मनाया सद्भावना दिवस, घुमंतू बच्चों को बांटी सौगात

राजीव गांधी की 81वीं जयंती पर कांग्रेस ने मनाया सद्भावना दिवस, घुमंतू बच्चों को बांटी सौगात
राजीव गांधी की 81वीं जयंती पर कांग्रेस ने मनाया सद्भावना दिवस, घुमंतू बच्चों को बांटी सौगात

अम्बिकापुर। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 81वीं जयंती पर  जिला कांग्रेस कमेटी ने राजीव भवन में सद्भावना दिवस मनाया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और सामूहिक रूप से सद्भावना शपथ ली। सभा में नेताओं ने राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए उनकी दूरदर्शिता और आधुनिक भारत के निर्माण में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

"85 पैसे गायब होने की सच्चाई को उजागर किया"  

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि राजीव गांधी ने साहस के साथ स्वीकार किया था कि जनता तक भेजा गया एक रुपये में से सिर्फ 15 पैसे ही पहुंचते हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए उन्होंने पंचायती राज और संचार क्रांति की नींव रखी, जिसके परिणामस्वरूप आज सरकारें सीधे खातों में सहायता पहुंचा रही हैं।

"नैतिकता और कौमी एकता के प्रतीक थे राजीव गांधी"  

पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि राजीव गांधी ने विश्व शांति और राष्ट्रीय एकता के साथ नैतिकता से शासन किया, जो आज के नेतृत्व में नदारद है। पीसीसी उपाध्यक्ष जे.पी. श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी सोच और कार्यों की बदौलत भारत ने सूचना और संचार क्षेत्र में वैश्विक पहचान बनाई। पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि राजीव गांधी ने आधुनिक और जवाबदेह भारत की नींव रखी, लेकिन वर्तमान सरकार उनकी वैज्ञानिक सोच और लोकतांत्रिक मूल्यों को खतरे में डाल रही है।

"18 साल के युवाओं को दी थी वोट की ताकत" 

पीसीसी महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि राजीव गांधी ने 61वें संविधान संशोधन के जरिए मतदान की आयु 21 से घटाकर 18 वर्ष की, जिससे 5 करोड़ युवाओं को वोट का अधिकार मिला। उन्होंने मौजूदा सरकार पर वोट चोरी के लिए मतदाता सूची में हेरफेर का आरोप भी लगाया।

महिला कांग्रेस ने घुमंतू बच्चों को बांटे उपहार 

जयंती के अवसर पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा सोनी के नेतृत्व में नई दिशा आश्रयस्थल में रहने वाले करीब 100 घुमंतू बच्चों को कंपास बॉक्स, फल और चॉकलेट बांटे गए। कार्यक्रम में हेमंत सिन्हा, रामविनय सिंह, इरफान सिद्धकी, डॉ. लालचंद यादव, अनूप मेहता, अशफाक अली सहित कई कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल ने किया।