शहर की जर्जर सड़कें बनीं सियासी जंग का मैदान: कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन,भाजपा पर कमीशनखोरी का आरोप
सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन, बड़ा आंदोलन की चेतावनी
अम्बिकापुर। शहर की गड्ढों से भरी सड़कों और नगर निगम की लापरवाही पर कांग्रेस ने सोमवार को भाजपा को घेरा। जय स्तंभ चौक पर आम सभा के बाद रैली निकालकर कलेक्टर के जरिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस नेताओं ने तत्काल सड़क मरम्मत और बारिश थमते ही डामरीकरण की मांग की। सभा में भाजपा पर कमीशनखोरी, वोट चोरी और जनता की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए बड़ा आंदोलन की चेतावनी दी गई।कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने सभा में कहा, "नगर निगम की महापौर अपनी अक्षमता छिपाने के लिए नए-नए बहाने बना रही हैं। कमीशनखोरी के चक्कर में तीन बार टेंडर रद्द किए गए। यह सरकार वोट चोरी से बनी है, इसलिए इन्हें भरोसा है कि जनहित करें या न करें, चुनाव में चोरी से जीत जाएंगे। लेकिन जनता सब जानती है, समय आने पर जवाब देगी।"
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, "सड़कों की हालत इतनी खराब है कि चलना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। जनता ने पार्षद से सांसद तक भाजपा को बहुमत दिया, लेकिन बदले में मिली सिर्फ उपेक्षा। मुख्यमंत्री ने 20 करोड़ रुपये की घोषणा की थी, लेकिन आज तक एक गड्ढा नहीं भरा। मैंने आश्रय योजना के 2 करोड़ से मरम्मत का सुझाव दिया, लेकिन किसी को जनता की चिंता नहीं। सभा बैठक तक नहीं हो रही, भाजपा सवालों से भाग रही है।"
पूर्व सभापति अजय अग्रवाल ने चेतावनी देते हुए कहा, "खरसिया नाका में हमने पहले आंदोलन किया था, अधिकारियों ने तीन दिन में सड़क बनाने का वादा किया। अब आखिरी मौका दे रहे हैं। अगर सड़कें नहीं बनीं तो कांग्रेस का अगला आंदोलन बड़ा होगा, जनाक्रोश संभालना मुश्किल होगा।"
पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने अन्य मुद्दों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, "समस्या सिर्फ सड़क-सफाई तक नहीं। किसानों को खाद नहीं मिल रहा, सरकार किसान विरोधी है। निगम चुनाव के मतदान केंद्रवार परिणाम अब तक घोषित नहीं, यह लोकतंत्र का मजाक है। कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।"
सभा को ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, नुरुल अमीन सिद्दीकी, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सीमा सोनी, इरफान सिद्दकी, रशीद अंसारी समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। सभी ने एक स्वर में कहा कि भाजपा सरकार और निगम जनता से कट चुके हैं। महापौर बहानेबाजी और फोटोबाजी में व्यस्त हैं। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन होगा।कार्यक्रम का संचालन दुर्गेश गुप्ता ने किया, आभार लवकेश पासवान ने। इस दौरान विनय शर्मा, मो. इस्लाम, राम विनय सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे।