संवैधानिक मूल्यों की शपथ के साथ मनाया गया संविधान दिवस:जिला पंचायत परिसर देशभक्ति और जनभागीदारी के रंग में रंगा
सूरजपुर।जिला पंचायत सूरजपुर में आज संविधान दिवस गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैंकरा, उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा राजवाड़े, सदस्यगण समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद भारतीय संविधान की महत्ता, उद्देश्य और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई। अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने उपस्थित सभी नागरिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान दिवस की हार्दिक बधाई दी।कार्यक्रम के दौरान लोक अभियोजन अधिकारी राजेश सिंह ने संविधान में निहित मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। वहीं उप संचालक पंचायत विक्रम बहादुर ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा पर प्रकाश डालते हुए इसे देश की आत्मा और गौरव बताया।इस अवसर पर केंद्र एवं राज्य शासन के कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण प्रोजेक्टर के माध्यम से कराया गया। सभी उपस्थितों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों और कर्तव्यों के प्रति आस्था व्यक्त की।कार्यक्रम का संचालन जिला परियोजना प्रबंधक शशि सिन्हा ने किया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति से कार्यक्रम प्रेरक, सार्थक और सफल रहा।