सूरजपुर में उमड़ा देशभक्ति का ज्वार, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने फहराया तिरंगा, परेड की सलामी सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
सूरजपुर, 15 अगस्त 2025। जिले में 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे जोश और गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम संदेश पढ़ा और रंग-बिरंगे गुब्बारे व सफेद कबूतर छोड़कर शांति व सद्भावना का संदेश दिया।परेड कमांडर के नेतृत्व में 13 प्लाटूनों ने बैंड की धुन पर शानदार मार्च पास्ट किया। शहीद जवानों के परिजनों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से भरे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसमें कस्तूरबा आवासीय विद्यालय सूरजपुर ने प्रथम, कन्या शिक्षा परिसर सूरजपुर ने द्वितीय और सरस्वती शिशु मंदिर सूरजपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया।कार्यक्रम में विधायक प्रेमनगर भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणी पैकरा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता राजवाड़े, कलेक्टर एस. जयवर्धन, पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर, डीएफओ पंकज कमल, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र पाटले सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कलेक्टोरेट में भी धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस
इसी अवसर पर कलेक्टर एस. जयवर्धन ने कलेक्टोरेट परिसर में ध्वजारोहण किया और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों और कर्मचारियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इस मौके पर अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, संयुक्त कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार शर्मा, डिप्टी कलेक्टर रमेश मोर, सुनील अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। जिले में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह स्कूली बच्चों, अधिकारियों और नागरिकों की भागीदारी से और भी यादगार बन गया।