आरटीओ बैरियर में कर्मचारियों से मारपीट करने वाला एक और आरोपी गिरफ्तार

आरटीओ बैरियर में कर्मचारियों से मारपीट करने वाला एक और आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर। थाना बसंतपुर क्षेत्र के परिवहन चेक पोस्ट धनवार में शासकीय कर्मचारियों से मारपीट और गाली-गलौज करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रितम गुप्ता (26 वर्ष), पिता दिनेश गुप्ता, निवासी जमई, थाना बसंतपुर के रूप में हुई। उसे 2 नवंबर 2025 को हिरासत में लिया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।घटना 4 अक्टूबर 2025 की रात करीब 10:10 बजे की है। परिवहन उप निरीक्षक भूषण ध्रुव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि ड्यूटी के दौरान आरोपी चंदन, कैलाश, उपेंद्र उर्फ गोलू सहित 7-8 अज्ञात व्यक्ति आरटीओ बैरियर पहुंचे। पुरानी रंजिश के चलते विवाद हुआ, जिसके बाद सभी ने कर्मचारियों को गाली-गलौज दी और मारपीट की। आरोपी आरटीओ कार्यालय व आवासीय परिसर में घुसे और परिवहन निरीक्षक महेंद्र सिंह सहित अन्य स्टाफ के साथ अभद्रता की तथा शासकीय कार्य में बाधा डाली।रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 183/2025 दर्ज, धारा 121, 132, 221, 191(2), 296, 331(6) भादसं मामला कायम किया गया। विवेचना के दौरान कैलाश यादव, उपेंद्र उर्फ गोलू और रंजन रवि पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। इनके बयान से प्रितम गुप्ता, राजेश यादव, मनोज यादव और मिथलेश रवि का नाम सामने आया। प्रितम घटना के बाद से फरार था।पुलिस ने 2 नवंबर को प्रितम को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जब्त कर लिया गया। गिरफ्तारी के कारण बताए गए और परिजनों को सूचित किया गया। प्रकरण के शेष तीन आरोपी—राजेश यादव, मनोज यादव और मिथलेश रवि अभी फरार हैं। उनकी तलाश जारी है।कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सोनी, प्रधान आरक्षक पंकज पोर्ते सहित अन्य कर्मचारी सक्रिय रहे।