ई-श्रम साथी ऐप: अब हुनर को मिलेगा सीधा काम, मोबाइल बना मजदूर का नया डिजिटल चौक — बिना भटकाव के रोजगार का समाधान
सूरजपुर।डिजिटल दौर की चमक अब मेहनतकश ज़िंदगियों तक भी पहुँचने लगी है। छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग द्वारा शुरू किया गया डिजिटल लेबर चौक ई-श्रम साथी मोबाइल एप्लिकेशन उन श्रमिकों के लिए एक नई उम्मीद बनकर सामने आया है, जो अब तक रोज़गार की तलाश में चौक-चौराहों पर खड़े होकर अनिश्चितता का सामना करते थे।अब हालात बदलने वाले हैं…जहाँ पहले धूप में खड़े होकर काम की आस लगाई जाती थी,वहीं अब मोबाइल की स्क्रीन पर ही रोजगार का रास्ता खुलेगा।यह एप एक ऐसा डिजिटल मंच है, जो पंजीकृत निर्माणी श्रमिकों और नियोक्ताओं/ठेकेदारों को सीधे जोड़ता है, जिससे रोजगार की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनती है।
हुनर को मिलेगा हक, समय की होगी बचत
इस पहल का उद्देश्य साफ है कि श्रमिकों को उनके कौशल के अनुसार त्वरित रोजगार उपलब्ध कराना और नियोक्ताओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपयुक्त श्रमिक देना।अब न मजदूरों को चौक-चौराहों पर भटकना पड़ेगा,न ठेकेदारों को श्रमिक खोजने में परेशानी होगी।एक क्लिक और काम तय।मानो तकनीक ने संघर्ष की लंबी राह को छोटा कर दिया हो।
पारदर्शिता के साथ नई व्यवस्था की शुरुआत
इस ऐप के माध्यम से श्रमिकों का पंजीकरण, उनकी योग्यता और उपलब्धता डिजिटल रूप में दर्ज होगी।इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि रोजगार प्रक्रिया में पारदर्शिता भी आएगी और बिचौलियों की भूमिका धीरे-धीरे समाप्त होगी।यह पहल उन हाथों के लिए संबल है,जो हर दिन मेहनत से अपनी दुनिया संवारते हैं।
मोबाइल में ही मिलेगा रोजगार का साथी
डिजिटल लेबर चौक ई-श्रम साथी एप गूगल प्ले स्टोर पर निःशुल्क उपलब्ध है।डाउनलोड लिंक:
https://play.google.com/store/apps/details?id=com.labourchowk.cg-app
श्रमिक और नियोक्ता दोनों इस ऐप के माध्यम से जुड़कर इसकी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
जुड़ने की सार्वजनिक अपील जारी
जिला प्रशासन ने सभी पंजीकृत निर्माणी श्रमिकों एवं नियोक्ताओं से इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ने की अपील की है।अधिक जानकारी के लिए श्रम पदाधिकारी कार्यालय, सूरजपुर में संपर्क किया जा सकता है।