करमा पूजा के बाद विवाद ने लिया खूनी रूप, टांगी से युवक पर जानलेवा हमला
सामरीपाठ थाना क्षेत्र में उदय नगेसिया ने युवक की पीठ पर किए टांगी से वार, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
बलरामपुर। करमा पूजा के उत्सव के बाद शुरू हुआ विवाद उस वक्त हिंसक हो गया, जब एक युवक ने टांगी से हमला कर दूसरे व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना सामरीपाठ थाना क्षेत्र के सेरेंगदाग गांव की है, जहां अखरा में विवाद के बाद आरोपी उदय नगेसिया ने गेड़वा उर्फ भोटना नगेसिया पर जानलेवा नीयत से टांगी से हमला कर दिया। वार से उसकी गर्दन के नीचे पीठ में गहरा जख्म हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है।पुलिस के अनुसार, गांव के अखरा में बीती रात करमा पूजा का आयोजन हुआ था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे। अगले दिन सुबह करीब 9 बजे उदय नगेसिया का शीतल नगेसिया से विवाद हो गया। वहां मौजूद लोगों ने शीतल को उसके घर पहुंचा दिया। इसके कुछ देर बाद उदय अपने घर से टांगी लेकर वापस आया और शीतल के पुत्र गेड़वा उर्फ भोटना नगेसिया पर हमला कर दिया।आरोपी ने हत्या करने की नीयत से युवक की गर्दन के नीचे पीठ पर टांगी से वार किया। इसके बाद दोबारा प्रहार करने पर आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर उसे पकड़ लिया। हमले में घायल भोटना को गंभीर चोटें आई हैं।घायल के परिजन सुनील कुमार की लिखित शिकायत पर सामरीपाठ थाने में अपराध क्रमांक 33/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने सेरेंगदाग निवासी उदय नगेसिया को विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
पूरे मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विजय कुमार दुबे, सहायक उप निरीक्षक आनंद मसीह तिर्की, आरक्षक अजय कुमार, संजय पटेल और ओमकार रजक का महत्वपूर्ण योगदान रहा।