गैस सिलेंडर महंगा होने पर कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम का पुतला फूंका; पुलिस से हुई झूमाझटकी
अम्बिकापुर। घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर विरोध जताया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाह्न पर जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पुतला दहन को लेकर कुछ देर छीनाझपटी भी हुई।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने मध्यपूर्व में युद्ध के समय यह दावा किया था कि देश में पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त भंडार है और कीमतों में बढ़ोतरी नहीं होगी। इसके बावजूद 7 मार्च से घरेलू गैस सिलेंडर में 60 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है। यह बढ़ोतरी उज्ज्वला योजना के उपभोक्ताओं पर भी लागू की गई है।जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि सरकार चाहती तो टैक्स में कटौती कर आम जनता को राहत दे सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने युद्ध की आड़ में जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया है। साथ ही गैस सिलेंडर की दूसरी रिफिलिंग की अवधि भी 16 दिनों से बढ़ाकर 21 दिन कर दी गई है, जिससे उपभोक्ताओं को और परेशानी होगी।मीडिया से चर्चा करते हुए श्री पाठक ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण देश महंगाई की मार झेल रहा है और आम जनता परेशान है।प्रदर्शन के दौरान दुर्गेश गुप्ता, संजय सिंह, अनूप मेहता, लोकेश कुमार, गुरुप्रीत सिद्धू, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, नीतीश चौरसिया, विकल झा, आलोक सिंह, अमित सिन्हा, हिमांशु जायसवाल, आशीष जायसवाल, अमित सिंह, विकास केशरी, सुरेंद्र गुप्ता, आकाश अग्रहरि, अली सोहेल, शिवराज सिंह, अंकित जायसवाल, ऋषभ जायसवाल, संजर नवाज, नवनीत सिंह, आयुष सोनी, आकाश यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।