दिल्ली में गूंजा सूरजपुर का नाम: निलेश साहू को मिली डॉक्टरेट की मानद उपाधि
सूरजपुर।राजधानी दिल्ली के भव्य मंच पर जब सम्मान की घोषणा हुई, तो तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सूरजपुर की माटी भी मानो गर्व से मुस्कुरा उठी। विकासखण्ड रामानुजनगर के ग्राम पंचायत सोनपुर निवासी निलेश साहू को ह्यूमन राइट्स एंड एजुकेशन ऑर्गनाइजेशन द्वारा डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।यह सम्मान उन्हें आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, मानव सेवा के प्रति समर्पण और कंप्यूटर साइंस के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।दिल्ली में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के अवार्ड समारोह में देशभर से आए प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों के बीच निलेश साहू की उपलब्धि विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उनके कार्यों ने यह साबित किया कि सीमित संसाधनों के बीच भी यदि इरादे मजबूत हों, तो बदलाव की राह खुद बनती है। आपकों बताते चलें कि निलेश साहू लंबे समय से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत जरूरतमंदों को न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी, बल्कि उन्हें उपचार तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, कंप्यूटर शिक्षा के माध्यम से उन्होंने ग्रामीण युवाओं को डिजिटल दुनिया से जोड़कर आत्मनिर्भर बनने की राह दिखाई।यह सम्मान केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की आशाओं और सपनों का सम्मान बन गया है। गांव-घर में खुशी की लहर है, और हर जुबान पर एक ही बात—हमारे बीच से निकला एक युवा आज देश के मंच पर चमक रहा है। बहरहाल परिजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने निलेश साहू को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।