भाजयुमो जिला कार्यकारिणी घोषित: अनुराग द्विवेदी बने जिला कार्यसमिति सदस्य, युवा मोर्चा को मिली नई ऊर्जा
सूरजपुर। संगठनात्मक मजबूती की दिशा में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने बड़ा कदम उठाते हुए जिला कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा की है। प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन एवं जिला संगठन की सहमति से घोषित इस कार्यकारिणी में सक्रिय, समर्पित और अनुभवी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में अनुराग द्विवेदी को भारतीय जनता युवा मोर्चा का जिला कार्यसमिति सदस्य नियुक्त किया गया है।जिला कार्यकारिणी की घोषणा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष देव गुप्ता द्वारा की गई। सूची में उन कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी गई है, जिन्होंने संगठन के लिए निरंतर कार्य करते हुए अपनी कार्यक्षमता और अनुशासन का परिचय दिया है। अनुराग द्विवेदी की नियुक्ति को संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।अनुराग द्विवेदी का संगठनात्मक अनुभव व्यापक रहा है। वे पूर्व में भाजयुमो मंडल कार्यसमिति सदस्य, आईटी सेल मंडल दायित्व, आईटी सेल जिला कार्यसमिति सदस्य सहित विभिन्न जिम्मेदारियों का सफल निर्वहन कर चुके हैं। संगठन विस्तार, युवाओं को जोड़ने और पार्टी की नीतियों को डिजिटल माध्यमों से जन-जन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है।पार्टी नेतृत्व ने उनके पूर्व कार्य, संगठन के प्रति निष्ठा और सक्रियता को ध्यान में रखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि उनकी नियुक्ति से युवा मोर्चा की गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलेगी तथा संगठन और अधिक सशक्त होगा।जिला कार्यकारिणी की घोषणा के बाद भाजपा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने अनुराग द्विवेदी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे पार्टी की विचारधारा, अनुशासन और संगठनात्मक लक्ष्यों को प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा से दायित्व का निर्वहन करेंगे।