योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
बलरामपुर, 21 अगस्त। सरकारी योजनाओं की फाइलों में दर्ज प्रगति तभी सार्थक मानी जाएगी, जब उसका असर गांव के उस परिवार तक दिखाई दे, जो आज भी किसी सुविधा की उम्मीद लगाए बैठा है। इसी सोच के साथ महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री और बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने शुक्रवार को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विकास कार्यों की लगातार मैदानी निगरानी करने के निर्देश दिए।मंत्री ने साफ कहा कि विकास कार्यों में केवल गति ही नहीं, गुणवत्ता भी जरूरी है। अधिकारी दफ्तरों तक सीमित न रहें, बल्कि गांवों और निर्माण स्थलों तक पहुंचकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति देखें। शासन और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल से ही विकास का लाभ लोगों की जिंदगी में दिखाई देगा।बैठक में न्यायालय में लंबित प्रकरणों, अविवादित एवं विवादित खाता विभाजन, सीमांकन और एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा की गई। मंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के साथ एग्रीस्टेक में सभी पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन कराने पर जोर दिया। खाद-बीज के भंडारण और वितरण की जानकारी लेते हुए उन्होंने किसानों को समय पर सामग्री उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
हर घर में मुनगा, परिवार की थाली में पोषण
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मुनगा पौधे को केवल एक पौधा नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों के पोषण से जोड़ते हुए हर घर मुनगा लगाने पर जोर दिया। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों में सुपोषण वृक्ष के रूप में मुनगा रोपण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि मुनगा आसानी से उपलब्ध होने वाला पौष्टिक स्रोत है। यदि इसे हर घर तक पहुंचाया जाए तो यह ग्रामीण परिवारों की थाली में पोषण बढ़ाने का सहज माध्यम बन सकता है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को जैविक खेती और सब्जी उत्पादन से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के साथ परिवारों के पोषण स्तर में सुधार लाने की बात भी कही।
स्कूल भवनों में बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि
स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने निर्माणाधीन स्कूल भवनों में गुणवत्ता पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। मरम्मत योग्य भवनों की समय पर मरम्मत कराने और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।उन्होंने न्योता भोज के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर पोषण देने, आश्रम-छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने तथा स्कूलों के सामुदायिक शौचालयों में पर्याप्त पानी और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, महतारी वंदन योजना में ई-केवाइसी, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश दिए।जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, खराब हैंडपंपों के तत्काल सुधार तथा जलस्रोतों के संरक्षण और जलसंचय कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा गया।
अस्पतालों से लेकर सड़कों तक व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जिला चिकित्सालय की साफ-सफाई और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। पशुपालन विभाग की योजनाओं में कृत्रिम गर्भाधान, पशु टीकाकरण और गौधाम योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिक से अधिक पशुपालकों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए।राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और पीएम जनमन के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि सड़कें केवल कागजों पर पूरी न हों, बल्कि उनकी गुणवत्ता जमीन पर भी दिखाई दे। निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और निर्धारित समय-सीमा में उन्हें पूरा करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में चिन्हांकन और सीमांकन कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
हाथी प्रभावित गांवों में पहले से सतर्क रहने की हिदायत
बैठक में वन विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान मंत्री ने हाथी प्रभावित क्षेत्रों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित मुनादी कराने और ग्रामीणों को हाथियों की गतिविधियों की समय पर जानकारी देने को कहा।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हाथी प्रभावित गांवों में जनहानि रोकना सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय खतरे की आशंका को देखते हुए पहले से जरूरी व्यवस्थाएं तैयार रखी जाएं, ताकि ग्रामीणों की जान सुरक्षित रहे।कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने वर्षा और बोवाई की स्थिति, एग्रीस्टेक पंजीयन, वीबी-जी रामजी, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास, पीएम जनमन आवास और सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति से मंत्री को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर ने जिले में अपराध की स्थिति, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, सड़क दुर्घटनाओं और हेलमेट जागरूकता अभियान की जानकारी दी।बैठक में सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा, प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज, विधायक प्रतिनिधि बलवंत सिंह सहित जिले के अधिकारी मौजूद रहे।