लोकगीतों के जरिए गांव-गांव में जनजागृति फैलाने वाले रमेश गुप्ता को मिला ‘लोकधारा गौरव सम्मान’
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ी लोककला और लोकगीतों के माध्यम से समाज को जागरूक करने वाले सूरजपुर जिले के लोक गायक एवं भटगांव मंडल अध्यक्ष रमेश कुमार गुप्ता को रायपुर में आयोजित लोकधारा गौरव सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने उन्हें सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान किया।
छत्तीसगढ़ प्रदेश लोक कलाकार कल्याण संघ की ओर से आयोजित इस समारोह में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोक कलाकार शामिल हुए। इस दौरान रमेश गुप्ता को सम्मान मिलने पर सूरजपुर जिले के कलाकारों और कला प्रेमियों में खुशी की लहर है।
रमेश गुप्ता लंबे समय से लोकगीतों को सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि जनजागृति का माध्यम बनाकर काम कर रहे हैं। उन्होंने स्वयं लिखे कई छत्तीसगढ़ी लोकगीतों को स्वर दिया है। उनके गीतों में नशामुक्ति, पोषण, स्वच्छ भारत मिशन, वन संरक्षण और पर्यावरण बचाने जैसे सामाजिक सरोकार प्रमुखता से उभरते हैं। गांव-गांव पहुंचकर गीत-संगीत के जरिए लोगों को जागरूक करने का उनका प्रयास लोककला को समाजसेवा से जोड़ता है।
सम्मान मिलने के बाद रमेश गुप्ता ने इसे अपने लिए ही नहीं, बल्कि सूरजपुर जिले के लोक कलाकारों और छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि लोकगीतों की ताकत लोगों के दिल तक पहुंचने में है और इसी माध्यम से सामाजिक बदलाव का संदेश आगे भी पहुंचाते रहेंगे।
समारोह में छत्तीसगढ़ फिल्म निगम बोर्ड की अध्यक्ष मोना सेन, लोक कलाकार कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष गुरुदास मानिकपुरी, सूरजपुर जिला अध्यक्ष नरेश प्रसाद प्रजापति, रामलाल काशिपुरी, लखन मानिकपुरी सहित प्रदेशभर के सैकड़ों कलाकार मौजूद रहे।