सरगुजा पुलिस की सक्रियता: बतौली में दो दुकानों में चोरी का खुलासा, आदतन आरोपी गिरफ्तार
अम्बिकापुर। सरगुजा जिले में अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सरगुजा पुलिस लगातार सक्रिय कार्रवाई कर रही है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा आईपीएस श्री राजेश कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में सरगुजा पुलिस एक्टिव मोड में डटकर अपराधियों पर कार्रवाई करते हुए अपनी सक्रियता का लगातार एहसास करा रही है। इसी क्रम में थाना बतौली पुलिस ने दो अलग-अलग दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।पहले मामले में प्रार्थी संतोष गुप्ता, निवासी बतौली मेन रोड ने 3 मार्च 2026 को थाना बतौली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी कृषि संबंधी दुकान जय माता दी एग्रो में 2 से 3 मार्च की दरम्यानी रात अज्ञात व्यक्ति ने शटर का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और काउंटर में रखे करीब 70 हजार रुपए नगद चोरी कर लिए।दूसरे मामले में प्रार्थी योगेश गुप्ता, निवासी बतौली मेन रोड ने भी 3 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी दुकान मंजू साड़ी, हरि फैशन एवं योगेश क्लॉथ में ताला तोड़कर अज्ञात व्यक्ति ने काउंटर में रखे 50 हजार रुपए नगद तथा पेट-शर्ट व साड़ी की चोरी कर ली। दोनों मामलों में थाना बतौली में अपराध क्रमांक 28/26 एवं 29/26 धारा 305(ए), 331(4), 238 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और तकनीकी जानकारी के आधार पर संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अशोक मरावी पिता कमला प्रसाद मरावी, निवासी देवरी डुमरपारा थाना बतौली बताया। पूछताछ के दौरान उसने दोनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से 2500 रुपए नगद बरामद किए गए। आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए शर्ट-पैंट व साड़ी को पकड़े जाने के डर से जला दिया तथा शेष नगद राशि खर्च कर दी।पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह आदतन अपराधी है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बहरहाल इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर, सहायक उप निरीक्षक संजय गुप्ता, नारायण सिंह मरावी, प्रधान आरक्षक रविश लकड़ा, अनूप कुजूर, वीरेंद्र बंजारे, आरक्षक राजू कुजूर, जोगी बड़ा एवं हिमांशु पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।