फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र से लोन बंद कर ठगी: तीसरा आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल जब्त

फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र से लोन बंद कर ठगी: तीसरा आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल जब्त

अम्बिकापुर। धौरपुर पुलिस ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर लोन बंद करने और बीमा राशि की ठगी के मामले में तीसरे आरोपी कंचन विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 1000 रुपये के बदले मोबाइल से फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कर ठगी में सहयोग किया था। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल भी जब्त किया है। उक्ताशय पर प्राप्त जानकारी अनुसार  प्रार्थी धनीराम की पत्नी लालो बाई ने 2021 में स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड की शाखा शंकरगढ़ से 72,000 रुपये का लोन लिया था। प्रार्थी नियमित रूप से किस्त अदा कर रहा था। इस बीच, फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर सुरेश कुमार खांडे और कर्मचारी संजय कुमार साहू ने धनीराम का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र लगाकर लोन खाता बंद करवाया और बीमा राशि 18,000 रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में धौरपुर थाने में 29 सितंबर 2024 को अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस ने पहले सुरेश कुमार खांडे और संजय कुमार साहू को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पूछताछ में दोनों ने कंचन विश्वकर्मा के साथ मिलकर 1000 रुपये में फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने की बात कबूली। कंचन फरार था, जिसके खिलाफ न्यायालय में अभियोग पत्र पेश किया गया था। पुलिस की सतत कार्रवाई से कंचन विश्वकर्मा (24 वर्ष, निवासी तमगेकला, थाना रंका, गढ़वा, झारखंड) को पकड़ा गया। उसने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने मोबाइल से फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कर अन्य आरोपियों को दिया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बहरहाल इस कार्रवाई में थाना प्रभारी धौरपुर उप निरीक्षक अश्वनी दीवान, आरक्षक पंकज देवांगन, मुरलीधर यादव और सुशील मिंज की अहम भूमिका रही। कुलमिलाकर यह कार्रवाई न केवल पुलिस की सजगता को दर्शाती है, बल्कि फर्जीवाड़े के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का संदेश भी देती है।