सूरजपुर के नौनिहालों ने रचा सफलता का नया कीर्तिमान:बोर्ड परीक्षा परिणाम में बड़ी छलांग, बेटियों ने फिर बढ़ाया मान

सूरजपुर के नौनिहालों ने रचा सफलता का नया कीर्तिमान:बोर्ड परीक्षा परिणाम में बड़ी छलांग, बेटियों ने फिर बढ़ाया मान

सूरजपुर।इस बार सूरजपुर जिले की फिज़ा में कुछ अलग ही चमक है। मेहनत की खुशबू और सफलता की मुस्कान हर ओर बिखरी हुई है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल, रायपुर द्वारा घोषित हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी परीक्षा 2026 के परिणामों ने जिले को गौरव से भर दिया है। उक्ताशय पर जिला प्रशासन द्वारा जारी अधिकृत प्रेस विज्ञप्ति में उल्लेख किया गया है कि 12वीं का परीक्षा परिणाम 86.46 प्रतिशत और 10वीं का 82.75 प्रतिशत रहा। बीते वर्ष की तुलना में 12वीं में लगभग 14 प्रतिशत और 10वीं में 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी ने यह साबित कर दिया कि सूरजपुर अब शिक्षा के नक्शे पर तेजी से उभर रहा है।12वीं परीक्षा में कुल 8158 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 6975 विद्यार्थी सफलता के साथ आगे बढ़े। प्रथम श्रेणी में 4147 विद्यार्थियों का स्थान बनना जिले की मजबूत शैक्षणिक नींव को दर्शाता है।बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 83.22 रहा, वहीं बालिकाओं ने 88.86 प्रतिशत के साथ अपनी प्रतिभा का परचम लहराया।

संकायवार परिणामों में विज्ञान संकाय 91.63 प्रतिशत के साथ अव्वल रहा। वाणिज्य 89.57 प्रतिशत, गृह विज्ञान 86.66 प्रतिशत, कला 81.61 प्रतिशत और कृषि 73.91 प्रतिशत के साथ क्रमशः पीछे रहे।10वीं परीक्षा में कुल 10170 विद्यार्थियों में से 8224 ने सफलता हासिल की। प्रथम श्रेणी में 4466 विद्यार्थियों का चयन यह संकेत देता है कि जिले की शैक्षणिक नींव और भी मजबूत हो रही है।

यहां भी बालिकाओं ने 85.54 प्रतिशत के साथ बालकों (79.22 प्रतिशत) से बेहतर प्रदर्शन किया।

दोनों ही परीक्षाओं में बेटियों का प्रदर्शन यह बता रहा है कि अब वे केवल सपनों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हर लक्ष्य को हासिल करने का साहस और सामर्थ्य रखती हैं। वहीं दूसरी तरफ इस उपलब्धि पर कलेक्टर एस. जयवर्धन ने सभी सफल विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने बेटियों के प्रदर्शन की विशेष सराहना करते हुए कहा कि सूरजपुर की बेटियां अब हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रही हैं।जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने भी इसे शिक्षकों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और विद्यार्थियों की लगन का प्रतिफल बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में जिले के परिणाम और बेहतर होंगे।अंत में, यह कहना गलत नहीं होगा कि सूरजपुर के इन नन्हे कदमों ने सफलता की जो इबारत लिखी है, वह आने वाले समय में और भी उज्जवल भविष्य की राह दिखाएगी।