सेवा-संकल्प के साथ मनाया मुख्यमंत्री का जन्मदिन: प्रेमनगर में महतारी वंदन हितग्राहियों का सम्मान, आवास लाभार्थियों को अंगवस्त्र भेंट
सूरजपुर/प्रेमनगर।ग्राम वृंदावन में सेवा, सम्मान और संकल्प का संगम देखने को मिला। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जन्मदिन के अवसर पर प्रेमनगर मंडल में “हितग्राही संपर्क एवं सम्मान अभियान” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाओं को साड़ी भेंट कर तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर धूप-दीप व पुष्प अर्पित कर की गई। वातावरण में आत्मीयता और सम्मान की भावना स्पष्ट झलक रही थी।
पंच से मुख्यमंत्री तक के सफर की चर्चा
युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रदीप साहू ने अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री के संघर्षपूर्ण जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि एक साधारण पंच से मुख्यमंत्री तक का सफर तय करना उनकी कर्मठता, जनसेवा और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह जन्मदिन केवल उत्सव नहीं, बल्कि सेवा का अवसर है।मंडल महामंत्री महेंद्र कुमार यादव ने भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महतारी वंदन जैसी योजनाएं महिलाओं के आत्मसम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं।मंडल अध्यक्ष मिथिला बंजारा ने कहा कि मुख्यमंत्री साय छत्तीसगढ़ को नई पहचान देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और आज का दिन समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प का प्रतीक है।
सम्मान के साथ मिष्ठान वितरण
कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं को साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया, वहीं आवास योजना के लाभार्थियों को अंगवस्त्र प्रदान किए गए। इसके पश्चात मिष्ठान वितरण कर खुशी साझा की गई।कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा महामंत्री दीपेश बंसल ने किया तथा आभार प्रदर्शन पिछड़ा वर्ग मोर्चा के महामंत्री रामलाल राजवाड़े ने किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अखिलेश साहू, उपाध्यक्ष सुभाष साहू, वरिष्ठ कार्यकर्ता दुबराज सिंह, अजय सोरी, ग्राम वृंदावन के सरपंच कृष्णा सिंह मरावी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कुलमिलाकर इस आयोजन के समापन में यही संदेश गूंजा कि जन्मदिन केवल शुभकामना का अवसर नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का संकल्प है।