होली से पहले ‘शराब तस्करों’ पर पुलिस का शिकंजा:अंतर्राज्यीय गिरोह समेत 14 गिरफ्तार, 759 नग अंग्रेजी व 12 लीटर महुआ शराब जप्त, उपद्रव करने वाले 4 पर भी कार्रवाई
सूरजपुर। होली पर्व से पहले अवैध शराब के खिलाफ सूरजपुर पुलिस ने व्यापक अभियान छेड़ दिया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चल रही इस सख्त कार्रवाई में अंतर्राज्यीय शराब तस्करों सहित कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 1 लाख 17 हजार रुपये कीमत की 759 नग अंग्रेजी शराब और 12 लीटर महुआ शराब जप्त की है। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वाले 4 लोगों पर भी अलग से कार्रवाई की गई है।पुलिस के अनुसार 3 मार्च को थाना चांदनी क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर ग्राम बिहारपुर पुरानटोला में घेराबंदी की गई। दो मोटरसाइकिलों से मध्यप्रदेश से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लाकर ठाड़पाथर में खपाने की तैयारी कर रहे चार युवकों को पकड़ा गया।पहली बाइक से 188 नग अंग्रेजी शराब (कीमत 38,488 रु.),दूसरी बाइक से 188 नग अंग्रेजी शराब (कीमत 27,568 रु.)दोनों मामलों में शराब के साथ मोटरसाइकिलें भी जप्त कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।इसी क्रम में 2 मार्च की रात थाना सूरजपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक सेन्ट्रो कार से 350 नग (7 पेटी) गोवा अंग्रेजी शराब (कीमत 42 हजार रु.) बरामद की। शराब को अंतर्राज्यीय स्तर पर लाया जा रहा था। कार सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसी कड़ी में चौकी बसदेई पुलिस ने भी ग्राम जूर में दबिश देकर 9 लीटर महुआ शराब जप्त की, वहीं एक अन्य कार्रवाई में 8 नग गोवा अंग्रेजी शराब बरामद की गई।थाना सूरजपुर और भटगांव पुलिस ने भी अलग-अलग गांवों में कार्रवाई करते हुए 25 नग अंग्रेजी शराब व 3 लीटर महुआ शराब जप्त की।
सार्वजनिक स्थान पर शराबखोरी पर सख्ती
होली के मद्देनजर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उपद्रव करने वाले 4 लोगों के खिलाफ धारा 36(च)(1) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए अवैध शराब के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकिंग बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। कुलमिलाकर होली से पहले पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम नागरिकों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रियता की सराहना की है।