24 घंटे का धमाकेदार अभियान, 74 वारंट तामील, 11 साल पुराने दुष्कर्म-चोरी के आरोपियों पर कसी नकेल
अम्बिकापुर, 13 जून 2025। सरगुजा पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आईपीएस राजेश कुमार अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में 24 घंटे के विशेष अभियान में वारंटियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था की मिसाल पेश की। इस अभियान में जिले भर की पुलिस टीमों ने 50 स्थायी वारंट और 24 गिरफ्तारी वारंट तामील किए, जिनमें 11 वर्ष पुराने दुष्कर्म और चोरी जैसे गंभीर मामलों के आरोपी भी शामिल हैं। थाना सीतापुर और कोतवाली ने सर्वाधिक वारंट तामील कर इस अभियान में बाजी मारी।कुलमिलाकर सरगुजा पुलिस की यह कार्रवाई प्रभावी पुलिसिंग का शानदार उदाहरण है। जिले में कानून का राज स्थापित करने और फरार आरोपियों को सजा दिलाने के लिए पुलिस की यह मुहिम जनता के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
सुबह-सुबह वारंटियों के घर दस्तक
पुलिस ने राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में सुबह तड़के थाना-चौकी स्तर पर छापेमारी की। वर्षों से फरार और लुक-छिप कर रह रहे वारंटियों को पकड़कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। थाना सीतापुर ने 12 स्थायी और 6 गिरफ्तारी वारंट, जबकि कोतवाली ने 5 स्थायी और 8 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। अन्य थानों जैसे लखनपुर (11 स्थायी, 1 गिरफ्तारी), दरिमा (8 स्थायी), और उदयपुर (6 गिरफ्तारी) ने भी प्रभावी कार्रवाई की।
11 साल पुराने मामलों में बड़ी कामयाबी
अभियान के दौरान थाना सीतापुर पुलिस ने 11 साल पहले दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी जितेंद्र उर्फ गुणा (बेलजोरा, सीतापुर) और चोरी के मामले में भजन राम (बिशुनपुर, सीतापुर) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। ये दोनों लंबे समय से कानून की पकड़ से बाहर थे।
निरंतर जारी रहेगा अभियान
एसएसपी आईपीएस राजेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा, ताकि कोई भी वारंटी कानून से बच न सके। पुलिस की इस सख्ती से जिले में अपराधियों में दहशत और आम जनता में विश्वास बढ़ा है।