3 माह से राशन नहीं, भड़के ग्रामीण; महिलाओं ने किया चक्काजाम, खाद्य विभाग के मैदानी अमले की लापरवाही पर उठे सवाल

3 माह से राशन नहीं, भड़के ग्रामीण; महिलाओं ने किया चक्काजाम, खाद्य विभाग के मैदानी अमले की लापरवाही पर उठे सवाल
3 माह से राशन नहीं, भड़के ग्रामीण; महिलाओं ने किया चक्काजाम, खाद्य विभाग के मैदानी अमले की लापरवाही पर उठे सवाल

सूरजपुर/ओड़गी।जिले के जनपद पंचायत ओड़गी अंतर्गत ग्राम पंचायत करौटी-बी में तीन माह से राशन वितरण नहीं होने से ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। बड़ी की संख्या में ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने भैयाथान–सत्तिपारा मुख्य मार्ग पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से मार्ग पर घंटों तक आवागमन बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के राशन दुकान संचालक द्वारा लंबे समय से राशन वितरण में गंभीर अनियमितताएं बरती जा रही हैं। हितग्राहियों का कहना है कि लगभग तीन माह से उन्हें शासन द्वारा निर्धारित राशन नहीं दिया गया, जबकि रिकॉर्ड में वितरण दर्शाए जाने की आशंका जताई जा रही है। इससे गरीब परिवारों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है।ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले की शिकायत पहले ही अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) और जिला कलेक्टर सूरजपुर से की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई नहीं होने और समस्या के लगातार बढ़ने से नाराज़ ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर बैठकर राशन घोटाले के खिलाफ नारेबाजी करती रहीं। ग्रामीणों का कहना है कि राशन वितरण व्यवस्था की निगरानी करने वाले खाद्य विभाग के मैदानी अमले की लापरवाही के कारण ही यह स्थिति बनी है। यदि समय-समय पर निरीक्षण और निगरानी की जाती तो हितग्राहियों को तीन माह तक राशन के लिए भटकना नहीं पड़ता।घंटों चले इस चक्काजाम के कारण राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि राशन वितरण में हुई गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई और नियमित रूप से राशन वितरण सुनिश्चित नहीं कराया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।