दिल्ली में ओबीसी महिला सशक्तिकरण पर राष्ट्रीय सम्मेलन ,सूरजपुर नपाध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े रखेंगी क्षेत्र की महिलाओं की आवाज

दिल्ली में ओबीसी महिला सशक्तिकरण पर राष्ट्रीय सम्मेलन ,सूरजपुर नपाध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े रखेंगी क्षेत्र की महिलाओं की आवाज

सूरजपुर। पिछड़ा वर्ग की महिलाओं की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेतृत्व में 9 मार्च को नई दिल्ली में ओबीसी कांग्रेस राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। यह सम्मेलन प्रातः 10:30 बजे से कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन, कोटला मार्ग में होगा, जिसमें देशभर से महिला प्रतिनिधियों की भागीदारी होगी।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में आयोजित इस सम्मेलन में पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को सामाजिक, राजनीतिक और संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाने के विषय पर व्यापक चर्चा की जाएगी। साथ ही महिलाओं के नेतृत्व को आगे बढ़ाने और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा।इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में सूरजपुर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता राजवाड़े भी शामिल होंगी। वे सम्मेलन में भाग लेकर छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से सूरजपुर क्षेत्र की महिलाओं से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर रखने की तैयारी में हैं।नपाध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े ने कहा कि महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी ही नहीं, बल्कि निर्णय प्रक्रिया का भागीदार बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, स्व-सहायता समूहों को सशक्त करने तथा सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।आयोजकों के अनुसार यह राष्ट्रीय सम्मेलन पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को एक साझा मंच प्रदान करेगा, जहां वे अपने अनुभव साझा करते हुए समाज और राजनीति में अपनी सक्रिय भूमिका को और मजबूत बनाने की दिशा में संवाद करेंगी। सम्मेलन के माध्यम से महिला नेतृत्व को राष्ट्रीय स्तर पर नई दिशा देने की भी उम्मीद जताई जा रही है।