पीएम किसान सम्मान निधि: आर्थिक संबल से समृद्धि की ओर बढ़ते किसान

पीएम किसान सम्मान निधि: आर्थिक संबल से समृद्धि की ओर बढ़ते किसान

बलरामपुर, 05 अगस्त 2025। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए वरदान बन रही है, जो आर्थिक सहायता के साथ उन्हें आत्मविश्वास और आधुनिक खेती की राह पर आगे बढ़ा रही है। बलरामपुर विकासखण्ड के सागरपुर गांव के किसान सुसेन मण्डल इस योजना के नियमित लाभार्थी हैं। हाल ही में प्राप्त 20वीं किस्त ने उनके खेती-किसानी के कार्यों को गति दी है। सुसेन बताते हैं कि इस राशि से वे खाद-बीज की खरीद और मजदूरी भुगतान जैसे जरूरी कार्य समय पर पूरा कर पा रहे हैं। इस योजना की समयबद्ध सहायता ने उनकी खेती को नई दिशा दी है। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहते हैं, "यह योजना किसानों के लिए संजीवनी है, जो हमें संसाधन जुटाने और आय बढ़ाने में मदद कर रही है।"प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6,000 रुपये तीन समान किस्तों में मिलते हैं। इसका लक्ष्य किसानों को वित्तीय संबल देना और कृषि कार्यों को सुगम बनाना है। इस योजना से प्रेरित होकर सुसेन जैसे किसान आधुनिक खेती की ओर कदम बढ़ा रहे हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है और कृषि क्षेत्र में नई क्रांति का सूत्रपात हो रहा है।