मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सेवा संकल्प रथ को दिखाई हरी झंडी, गांव-गांव पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सेवा संकल्प रथ को दिखाई हरी झंडी, गांव-गांव पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी

सूरजपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत सूरजपुर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सेवा संकल्प रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के अलग-अलग विकासखंडों और ग्रामीण अंचलों का रुख करेगा, जहां लोगों को केंद्र व राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों तथा विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि शासन की योजनाएं तभी सार्थक होती हैं, जब उनका लाभ जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे। कई बार जानकारी के अभाव में पात्र परिवार सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में सेवा संकल्प रथ केवल प्रचार का माध्यम नहीं, बल्कि सरकार और आमजन के बीच जानकारी की दूरी कम करने का प्रयास है।उन्होंने बताया कि रथ के माध्यम से गांव-गांव जाकर विभिन्न योजनाओं की पात्रता, लाभ और प्रक्रिया से लोगों को अवगत कराया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को अपने अधिकारों और उपलब्ध सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है, ताकि जरूरतमंद परिवार आगे आकर योजनाओं का लाभ उठा सकें। कुलमिलाकर सेवा संकल्प अभियान के जरिए विकास की तस्वीर को गांवों तक पहुंचाने के साथ लोगों की भागीदारी को भी मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। दूर-दराज के अंचलों में रहने वाले लोगों के लिए यह पहल इस मायने में अहम है कि सरकारी योजनाओं की जानकारी अब उनके दरवाजे तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।