महतारी वंदन योजना: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने 69 लाख महिलाओं के खातों में जमा किए 1000-1000 रुपये
रायपुर, 05 सितंबर 2025 ।मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ के खरसिया में आयोजित एक भव्य समारोह में महतारी वंदन योजना की 19वीं किस्त का हस्तांतरण कर 69,15,994 महिलाओं के बैंक खातों में 1000-1000 रुपये की राशि अंतरित की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस किस्त के तहत 647.13 करोड़ रुपये का वितरण किया गया, जिसके साथ योजना के तहत अब तक कुल 12,376.19 करोड़ रुपये पात्र महिलाओं तक पहुँच चुके हैं।वहीं दूसरी तरफ राज्य सरकार ने महिलाओं के विकास, सुरक्षा और स्वाभिमान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महतारी वंदन योजना को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री श्री साय और मंत्री श्रीमती राजवाड़े के नेतृत्व में यह योजना छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए नई आशा और समृद्धि का प्रतीक बन रही है।
महिलाओं का सशक्तिकरण, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर कहा, महतारी वंदन योजना महिलाओं के आत्मसम्मान और आर्थिक स्वतंत्रता को बढ़ावा देने का एक मजबूत कदम है। यह योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है, बल्कि उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के कल्याण और स्वाभिमान के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर कार्य करेगी। समारोह में उपस्थित महिलाओं से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार हर कदम पर उनके साथ है।
महिलाओं के सशक्तिकरण में मील का पत्थर साबित हो रही योजना- मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने योजना की सफलता में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा, यह योजना छत्तीसगढ़ की महिलाओं को नई ऊर्जा और आत्मविश्वास दे रही है। यह उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से मुख्यधारा से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बन रही है। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय स्तर पर किए गए प्रयासों की जानकारी साझा की और इसे महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव का वाहक बताया।
योजना का प्रभाव और उद्देश्य
1 मार्च 2024 से शुरू महतारी वंदन योजना का उद्देश्य 21 वर्ष से अधिक आयु की विवाहित महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करना है। यह योजना अब तक औसतन 69,28,334 महिलाओं को लाभान्वित कर चुकी है, जो इसे महिलाओं के आर्सथिक शक्तिकरण में अहम कड़ी बनकर उभरा है।