महिला दिवस पर भैयाथान में सम्मान का उत्सव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं को मिला सम्मान
भैयाथान। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भैयाथान के मंगल भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित परियोजना स्तरीय कार्यक्रम महिला शक्ति और सम्मान का उत्सव बन गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर यह संदेश दिया कि समाज की प्रगति में महिलाओं की भूमिका केवल महत्वपूर्ण ही नहीं, बल्कि प्रेरणादायी भी है।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष सुलोचनी पैंकरा रहीं। विशिष्ट अतिथियों में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष राजीव प्रताप सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार साहू, जनपद सदस्य राजू कुमार गुप्ता, इंद्रावती राजवाड़े, शशिलता सिंह, अनिमेष दुबे, अभय प्रताप सिंह, गनपत पाटिल सहित प्रकाश दुबे, लालचंद शर्मा एवं शत्रुधन तिवारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया तथा परियोजना अधिकारी द्वारा विभाग की गतिविधियों से संबंधित प्रशासकीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।महिला दिवस के अवसर को उत्सवमय बनाने के लिए कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़ और मटकी फोड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।इस दौरान आंगनबाड़ी की 13 कार्यकर्ताओं और 13 सहायिकाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य और समाज में दिए जा रहे योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर कई महिलाओं के चेहरे पर खुशी और गर्व झलक उठा, जिससे पूरा सभागार तालियों की गूंज से भर गया।कार्यक्रम के अंत में परियोजना अधिकारी नीतेन रंजन बेहरा ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन में महिला सशक्तिकरण, सम्मान और आत्मविश्वास की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।