विकास की रफ्तार बढ़ी: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से एनएच-43 पर 28.19 करोड़ की सड़क परियोजना स्वीकृत

विकास की रफ्तार बढ़ी: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से एनएच-43 पर 28.19 करोड़ की सड़क परियोजना स्वीकृत

सूरजपुर।भटगांव विधानसभा क्षेत्र के लिए सड़क विकास की बड़ी सौगात मिली है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, एक सक्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में, क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को शासन तक लगातार उठाती रही हैं। उनके निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है कि बीरपुर 12 मील हनुमान मंदिर (सिलफिली) से कालीघाट महावीरपुर (अम्बिकापुर) तक राष्ट्रीय राजमार्ग–43 के डामरी मजबूतीकरण कार्य के लिए 28.19 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। दरअसल यह मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में था, जिससे आमजन, व्यापारी एवं यात्रियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क के सुदृढ़ीकरण के बाद एनएच-43 इस क्षेत्र में सुचारू, सुरक्षित और निर्बाध आवागमन का मजबूत मार्ग बनेगा, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यात्रा समय भी घटेगा।इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना से भटगांव विधानसभा सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों को सीधा लाभ मिलेगा। व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, परिवहन व्यवस्था सशक्त होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही अंबिकापुर जैसे प्रमुख शहरी केंद्र से संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा, जिससे समग्र क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सुशासन सरकार की प्राथमिकता आम जनता को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। एक जनप्रतिनिधि के रूप में वे भटगांव विधानसभा की हर समस्या को गंभीरता से लेते हुए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में लगातार प्रभावी प्रयास कर रही हैं। यह सड़क परियोजना उसी प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष उदाहरण है।