सूरजपुर में कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ रैली’ : टी.एस. सिंहदेव बोले- संविधान बदलना देशवासियों के साथ अन्याय
सूरजपुर, 24 मई 2025। देश भर में संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस के अभियान के तहत सूरजपुर जिला मुख्यालय में जिला स्तरीय ‘संविधान बचाओ रैली’ का भव्य आयोजन किया गया। इस रैली में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष भगवती राजवाड़े के नेतृत्व में आयोजित इस रैली ने संविधान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।आपकों बताते चलें कि यह रैली कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘संविधान बचाओ अभियान’ का हिस्सा थी, जिसके तहत देश भर में जिला और ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सूरजपुर की इस रैली ने न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में संविधान के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पदयात्रा से सभा तक, दिखा जोश
कार्यक्रम की शुरुआत भैयाथान रोड स्थित अग्रसेन भवन से पदयात्रा के साथ हुई, जो सुभाष चौक होते हुए अग्रसेन चौक पहुंची। वहां आयोजित विशाल सभा में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। रैली में तिरंगे झंडे और संविधान की प्रतियां हाथों में लिए कार्यकर्ताओं ने ‘संविधान बचाओ, देश बचाओ’ के नारे बुलंद किए।
संविधान हमारी ताकत, इसे बचाना जिम्मेदारी’
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा, “भारत का संविधान बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की देन है, जिसने हर वर्ग, जाति और धर्म को समानता और स्वतंत्रता का अधिकार दिया। आज संविधान को बदलने की साजिश हो रही है, जो देशवासियों के साथ अन्याय है। बहुमत के दम पर संविधान को कमजोर करना लोकतंत्र पर हमला है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
केंद्र सरकार पर निशाना, एकता का आह्वान
टी.एस. सिंहदेव ने केंद्र सरकार पर संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा, “भारत सर्वधर्म समभाव का देश है। हमें बाहरी और आंतरिक शत्रुओं से मिलकर लड़ना है। संविधान हमारी एकता की नींव है, इसे बचाना हमारी साझा जिम्मेदारी है।” कार्यक्रम में पूर्व सांसद खेलसाय सिंह, पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह और पूर्व विधायक पारस नाथ राजवाड़े ने भी केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर हमला बोला।
जिला कांग्रेस कमेटी का संगठित प्रयास
जिला कांग्रेस अध्यक्ष भगवती राजवाड़े ने स्वागत भाषण में कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि यह रैली संविधान के प्रति जागरूकता फैलाने का एक ऐतिहासिक कदम है। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस महामंत्री प्रदीप राजवाड़े ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अश्विनी सिंह ने किया। रैली में पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष नरेश राजवाड़े, सुभाष गोयल, रणविजय सिंह, राजीव सिंह, अखिलेश प्रताप सिंह, मनोज डालमिया, कुसुमलता राजवाड़े, रमेश दनोदिया, रामचंद्र यादव, जफर हैदर सहित जिले भर से आए एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रैली को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। इस दरम्यान सभी ने संविधान की रक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।