हत्या के प्रयास का मामला: बलेनो कार सवार आरोपी गिरफ्तार,फरार आरोपी की पतासाजी में जुटी पुलिस
अम्बिकापुर।गाड़ी चलाने को लेकर हुए मामूली विवाद हत्या के प्रयास मेंतब्दील होने के मामले में कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रथम केशरवानी को धर दबोचा है। साथ ही घटना में प्रयुक्त बलेनो कार और डंडा भी बरामद कर लिया है। मामले में फरार चल रहे आरोपी की पतासाजी में पुलिस ने शुरू कर दिया है। उक्ताशय पर मिली जानकारी अनुसार 22 अक्टूबर की रात चांदनी चौक से शुरू हुआ विवाद तब हिंसक हो गया, जब आरोपी प्रथम केशरवानी और उसके साथी ने पीड़ित संजीव जायसवाल का पीछा कर अभिनव टाकिज के पास मेन रोड पर उसकी मोटरसाइकिल रोक दी। गाली-गलौज के बाद दोनों ने संजीव पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। पीड़ित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।पीड़ित के भाई अंशु जायसवाल की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने तुरंत अपराध क्रमांक 792/25 दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आरोपी प्रथम केशरवानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने गाड़ी चलाने के विवाद में अपने साथी के साथ मिलकर हमला करने की बात कबूल की। पुलिस ने उसके घर से बलेनो कार और डंडा बरामद कर लिया। बहरहाल यह कार्रवाई थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक अभिषेक दुबे, आरक्षक नितिन सिन्हा, विवेक राय और अतुल सिंह की सक्रियता से आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली है।