छत्तीसगढ़ में मोदी की गारंटी से विकास की नई उड़ान, नक्सलवाद पर लगी लगाम: अनुराग सिंह देव

छत्तीसगढ़ में मोदी की गारंटी से विकास की नई उड़ान, नक्सलवाद पर लगी लगाम: अनुराग सिंह देव
छत्तीसगढ़ में मोदी की गारंटी से विकास की नई उड़ान, नक्सलवाद पर लगी लगाम: अनुराग सिंह देव

11 सालों में ऐतिहासिक उपलब्धियों के साथ देश समृद्धि की राह पर, डबल इंजन सरकार ने बदली छत्तीसगढ़ की तस्वीर

सूरजपुर, 15 जून 2025। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूरजपुर के जिला भाजपा कार्यालय अटल कुंज में आयोजित 'संकल्प से सिद्धि' प्रेस वार्ता में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष व प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव ने कहा कि मोदी सरकार के 11 साल ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरे रहे हैं। इन वर्षों में देश ने समावेशी विकास, समृद्धि और खुशहाली की नई ऊंचाइयां छुई हैं। छत्तीसगढ़ में डबल इंजन सरकार ने विकास को गति दी और नक्सलवाद पर प्रभावी अंकुश लगाया। बहरहाल प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, कैबिनेट मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक भूलन सिंह, विधायक श्रीमती शकुन्तला पोर्ते, पूर्व विधायक श्रीमती रजनी त्रिपाठी, प्रदेश मंत्री श्रीमती परमेश्वरी राजवाड़े, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भीमसेन अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष व रेडक्रास सोसायटी चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय गोयल ,रामकृपाल साहू, राजेश अग्रवाल, जिला मिडिया प्रभारी शशि तिवारी, शशिकांत गर्ग,संदीप अग्रवाल, राजेश्वर तिवारी, अजय अग्रवाल अरविंद मिश्रा सहित अन्य मौजूद रहे।

मोदी की गारंटी ने बदली तस्वीर  

अनुराग सिंह देव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' का मंत्र साकार हुआ है। छत्तीसगढ़ में डबल इंजन सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के लिए कई योजनाएं लागू कीं। पिछले साल रिकॉर्ड 149 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बोनस सहित 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीद का वादा पूरा किया गया। 

18 लाख पीएम आवास स्वीकृत, 15 लाख से अधिक पूर्ण

श्री सिंह देव ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 26 लाख से अधिक पीएम आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें 15 लाख 38 हजार पूर्ण हो चुके हैं। सरकार गठन के दूसरे दिन ही 18 लाख आवासों को मंजूरी दी गई। इसके अलावा, 5 लाख 62 हजार भूमिहीन किसानों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख माताओं-बहनों को हर महीने 1000 रुपये दिए जा रहे हैं। 

नक्सलवाद पर प्रहार, बस्तर में विकास का सूर्योदय

मोदी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ अभूतपूर्व सफलता मिली है। डेढ़ साल में 425 माओवादी ढेर किए गए, 1388 ने आत्मसमर्पण किया और 1443 गिरफ्तार हुए। बसवराजू और सुधाकर जैसे बड़े नक्सलियों का खात्मा कर माओवाद की कमर तोड़ दी गई। बस्तर में अब बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन विकास की नई उम्मीद जगा रहे हैं। 

किसानों और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बड़ी राहत  

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से छत्तीसगढ़ के 26 लाख किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये मिल रहे हैं। तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक 4 हजार से बढ़ाकर 5500 रुपये किया गया। जल जीवन मिशन के तहत छत्तीसगढ़ को 6,178.33 करोड़ रुपये मिले, जिससे हर घर स्वच्छ जल पहुंचाने का लक्ष्य तेजी से पूरा हो रहा है। 

भ्रष्टाचार पर लगाम, पारदर्शिता को बढ़ावा  

भाजपा सरकार ने कोयला परिवहन और आबकारी लाइसेंस प्रक्रिया को ऑनलाइन कर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया। जेम पोर्टल के जरिए सरकारी खरीद को पारदर्शी बनाया गया। पीएससी घोटाले की सीबीआई जांच कर परीक्षा प्रणाली को और मजबूत किया गया। 

विकसित भारत का संकल्प  

श्री सिंह देव ने कहा कि अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 का निष्प्रभावीकरण और कश्मीर को देश से जोड़ने वाला चिनाब नदी पर बना विश्व का सबसे ऊंचा रेलवे पुल मोदी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां हैं। केंद्र सरकार ने राज्यों को केंद्रीय करों में हिस्सेदारी 32% से बढ़ाकर 42% की, जिससे छत्तीसगढ़ को 62,509 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिला। 

महाकुंभ-2025 और सांस्कृतिक गौरव  

मोदी सरकार ने सनातन संस्कृति को बढ़ावा देते हुए महाकुंभ-2025 के भव्य आयोजन की तैयारियां शुरू की हैं। श्री सिंह देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ विकसित भारत के लक्ष्य में अहम भूमिका निभाएगा और इसके लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है।