तपती धूप में इंसानियत की ठंडी छांव: न्यायालय परिसर में शुरू हुआ निःशुल्क शीतल जल प्याऊ
सूरजपुर।तपती धूप जैसे शहर की रफ्तार को थामे खड़ी है, सड़कों पर चलते कदम भी मानो अंगारों पर सफर कर रहे हों। ऐसे कठिन दौर में, जब सार्वजनिक स्थानों पर राहत के इंतज़ाम गिनती के ही नजर आते हैं और कहीं-कहीं प्रशासनिक उदासीनता भी झलकती है, वहीं सूरजपुर शहर से एक सुकून भरी खबर सामने आई है।वरिष्ठ नागरिक संघ, सूरजपुर द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में निःशुल्क शीतल जल प्याऊ का शुभारंभ किया गया। यह पहल उन सैकड़ों लोगों के लिए राहत का जरिया बन गई है, जो दूर-दराज के गांवों से न्यायालय पहुंचते हैं और भीषण गर्मी में पानी के लिए भटकते हैं।यह प्याऊ अब केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि इंसानियत की वह ठंडी छांव है, जो हर प्यासे को राहत का अहसास करा रही है।उद्घाटन अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर, श्रीमती विनिता वार्नर ने वरिष्ठ नागरिक संघ के इस प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य केवल पानी पिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का एक प्रेरणादायक उदाहरण है।वहीं प्राधिकरण की सचिव सुश्री पायल टोपनो ने कहा कि न्यायालय आने वाले पक्षकारों के लिए यह सुविधा किसी वरदान से कम नहीं है और इससे लोगों को भीषण गर्मी में बड़ी राहत मिलेगी।इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक संघ के संयोजक लालचन्द अग्रवाल, अध्यक्ष एवं राज्य अधिवक्ता संघ के सदस्य अनिल गोयल, संरक्षक हरिदास अग्रवाल, प्रवक्ता एस.के. तिवारी, उपाध्यक्ष पवन मित्तल एवं आर.एस. मिश्रा, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बलराम शर्मा, सचिव राजेश गोयल, जिला लोक अभियोजक राजू दास सहित अधिवक्तागण सुशील निगम, शोभु दुबे, प्रमेन्द्र कुशवाहा, अशोक यादव, गजानन्द साहू, जयेश दनौदिया, दुर्गा, आर.पी. यादव तथा बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं पक्षकार उपस्थित रहे। कुलमिलाकर यह पहल समाजसेवा की भावना का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आई है, जो न्यायालय परिसर में आने वाले हर जरूरतमंद को इस तपती गर्मी में राहत प्रदान करेगी।