मुस्कान मोबाइल दुकान में चोरी का खुलासा: बीट पुलिसिंग से पकड़े गए आरोपी, 12 मोबाइल और 3 ब्लूटूथ समेत बाइक जब्त
छत की शीट उखाड़कर मुस्कान मोबाइल दुकान में घुसे थे चोर,वारदात में इस्तेमाल अपाचे बाइक जब्त
सूरजपुर। रात के अंधेरे में मोबाइल दुकान की छत उखाड़कर चोरी करने वाले आरोपियों तक पुलिस बीट प्रणाली के जरिए पहुंच गई। जयनगर थाना क्षेत्र के सिलफिली स्थित मुस्कान मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने 12 मोबाइल फोन, 3 ब्लूटूथ डिवाइस और वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त सामान व वाहन की कुल कीमत करीब 3 लाख 7486 रुपए बताई गई है।दुकान संचालक गोपाल कुशवाहा ने 18 सितंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 सितंबर की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो छत की शीट उखड़ी मिली। अज्ञात चोर भीतर प्रवेश कर लगभग 98 हजार रुपए के मोबाइल फोन और अन्य सामान ले गए थे।मामले में अपराध क्रमांक 286/2026 के तहत धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक आईपीएस योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार देवांगन तथा एसडीओपी अभिषेक पैकरा के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई।जांच के दौरान मोबाइल बेचने के प्रयास में घूम रहे संदिग्धों के संबंध में मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों को पकड़ा। इनमें चार नाबालिग और एक बालिग शामिल है। पूछताछ में चोरी की वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दुकान को निशाना बनाने की योजना तैयार की थी। इसके बाद अपाचे मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचकर बांस की बल्ली और रस्सी के सहारे छत तक चढ़े। शीट व ईंट हटाकर एक आरोपी को दुकान के भीतर भेजा गया। अंदर प्रवेश करने के बाद मोबाइल और ब्लूटूथ उपकरणों को प्लास्टिक में रखकर छत के रास्ते बाहर निकाला गया। चोरी के सामान को आपस में बांट लिया गया था।आरोपियों की निशानदेही पर 12 मोबाइल फोन, 3 ब्लूटूथ डिवाइस और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की गई। बरामद सामान और वाहन की कुल कीमत 3,07,486 रुपए आंकी गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अमित गुप्ता, प्रधान आरक्षक दीपक कुमार दूबे, राजेंद्र एक्का, आरक्षक सुशील तिवारी, अंबिका मरावी, रवि पांडेय, सुरेश साहू, हरीशंकर सिंह, बिजेश राजवाड़े सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0