विश्रामपुर में सेंधमारी का खुलासा: बैंक में चोरी का प्रयास करने वाला व मोबाइल दुकान में सेंध लगाने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 3.70 लाख का सामान बरामद
सूरजपुर। जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग सेंधमारी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख 70 हजार रुपए का चोरी का सामान बरामद किया है।पहली घटना ग्रामीण बैंक कुम्दा में सेंधमारी के प्रयास से जुड़ी है। बैंक के शाखा प्रबंधक धीरेन्द्र मौर्य ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 मार्च की शाम बैंक बंद करने के बाद 5 मार्च को सुबह जब कर्मचारी ने बैंक खोला तो पीछे की दीवार में सेंध लगी हुई मिली। तिजोरी कक्ष का हैंडल टूटा हुआ था और सीसीटीवी कैमरे के तार काटे गए थे। अज्ञात चोर बैंक में घुसकर तिजोरी खोलने का प्रयास कर चुका था।डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर कुम्दा कॉलोनी से राजेन्द्र चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बैंक में सेंधमारी का प्रयास करने की बात कबूल की। साथ ही उसने 4 मार्च की रात नरेश के गैरेज का ताला तोड़कर करीब 1 लाख रुपए के 36 सामान चोरी करने की घटना को भी स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान व वारदात में प्रयुक्त सब्बल बरामद किया।वहीं दूसरी घटना में श्रीराम मोबाइल शॉप में सेंधमारी कर मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को भी पुलिस ने दबोच लिया। दुकान संचालक अमित सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 फरवरी की रात दुकान के पीछे की दीवार तोड़कर चोर 17 नए मोबाइल और 10 पुराने मोबाइल चोरी कर ले गए थे।पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अभिषेक गुप्ता उर्फ गोलू और विमल उर्फ नान बाउ को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर 27 मोबाइल फोन कीमत करीब 2 लाख 70 हजार रुपए तथा घटना में प्रयुक्त गैंता बरामद किया गया। बहरहाल दोनों मामलों के खुलासे में थाना प्रभारी प्रकाश राठौर, एएसआई विशाल मिश्रा सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।