संस्कार भारती जिला सरगुजा की नवीन कार्यकारिणी गठित, रंजीत सारथी बने अध्यक्ष
अम्बिकापुर। शहर के संस्कार भवन में संस्कार भारती जिला सरगुजा इकाई की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघ चालक भगवानदास बंसल और प्रांत महामंत्री हेमंत माहुलीकर की आभासी उपस्थिति में वर्ष 2025 से 2027 के लिए नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में सांस्कृतिक और कला क्षेत्र में सक्रिय योगदान के लिए नई टीम को दायित्व सौंपे गए, जो सरगुजा में संस्कृति और कला के संरक्षण व संवर्धन को नई दिशा प्रदान करेगी।नवगठित कार्यकारिणी में रंजीत सारथी को अध्यक्ष, पंकज गुप्ता को कार्यकारी अध्यक्ष और अर्चना पाठक को महामंत्री नियुक्त किया गया। इसके अलावा, माधुरी जायसवाल सह-महामंत्री, डॉ. अंचल सिन्हा कोष प्रमुख, दिनेश अग्रवाल सह-कोष प्रमुख, अनिता मंदिलवार प्रचार-प्रसार प्रमुख, गोपाल पांडेय मंचीय कला विभाग संयोजक, आनंद कुमार गुप्ता दृश्य कला विभाग संयोजक, डॉ. सपन सिन्हा साहित्य विभाग संयोजक, विजय सिंह दमाली लोककला एवं जनजातीय कला विभाग संयोजक, और आनंद सिंह यादव कला धरोहर (पुरातत्व) विभाग संयोजक बनाए गए।
डॉ. योगेन्द्र सिंह गहरवार को संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई, जबकि पूनम दुबे ‘वीणा’ और पूर्णिमा पटेल उपाध्यक्ष, विनोद हर्ष, राजेश बाबू और संतोष दुबे मंत्री नियुक्त किए गए। कार्यकारिणी सदस्यों में डॉ. उमेश पांडेय, आशा पाण्डेय, रामनारायण सिंह, शिवब्रत पावले, फलेन्द्र सिंह, तिवारी पैकरा, दिनेश केहरी, दिनेश सिन्हा और कृष्ण कुमार शर्मा, मुकुन्दलाल साहू को संस्कार मित्र के रूप में शामिल किया गया।
यह नवगठित कार्यकारिणी सरगुजा जिले में संस्कृति, कला और परंपराओं के संरक्षण के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी। बैठक में सभी पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को इससे जोड़ने के लिए ठोस कदम उठाने का संकल्प लिया।