सरगुजा पुलिस की चौकसी का असर: जम्मू से आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग सकुशल बरामद
अम्बिकापुर।संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय और मजबूत नेतृत्व का परिचय देते हुए सरगुजा पुलिस ने एक गंभीर अपराध में प्रभावी कार्रवाई कर नाबालिग पीड़िता को सकुशल बरामद किया है। इस पूरी कार्रवाई में डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा आईपीएस श्री राजेश कुमार अग्रवाल की निर्णायक और सक्रिय भूमिका विशेष रूप से उभरकर सामने आई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने 09 अप्रैल 2026 को थाना मणीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री 24 जनवरी 2026 को किराये के मकान से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी आईपीएस श्री राजेश कुमार अग्रवाल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया और स्वयं पूरे प्रकरण की सतत मॉनिटरिंग करते हुए नाबालिग की शीघ्र दस्तयाबी के निर्देश दिए। उनके दिशा-निर्देशन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर जांच को तेज किया।इसी क्रम में सूचना मिली कि पीड़िता संदेही अजय शंकर तिवारी के साथ जम्मू के विजयपुर क्षेत्र में है। निर्देश मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल जम्मू रवाना किया गया। टीम के लगातार प्रयासों और सटीक रणनीति के चलते नाबालिग को आरोपी के कब्जे से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।महिला पुलिस अधिकारी की उपस्थिति में पूछताछ के दौरान पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर जम्मू ले गया और शादी का झांसा देकर जबरन दुष्कर्म किया।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी अजय शंकर तिवारी (उम्र 26 वर्ष, निवासी डोरला, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध धारा 64(2)(ड़) बी.एन.एस. एवं पोक्सो एक्ट की धारा 4, 6 जोड़ी गई है तथा आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय, महिला प्रधान आरक्षक अंजू एक्का सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।